Skip to main content

टैटू हमें चिकित्सा, विश्वास, और संस्कृति की एक झलक देते?

मैं एक ऐसे इंसान की कहानी सुना रहा हूँ, जिसके शरीर पर दुनिया के सबसे पुराने टैटू मिले. कहानी है ओत्ज़ी की, जिसे आइसमैन भी कहते हैं. 

..वो कोई आम इंसान नहीं था. वो 5,300 साल पहले बर्फ में दबा और फिर दबा रहा ताकि एक दिन हमें अपनी कहानी सुना सके.

सितंबर 1991 की बात है. इटली और ऑस्ट्रिया की सीमा पर, ओत्ज़टाल आल्प्स की बर्फीली चोटियों पर दो जर्मन पर्यटक- हेल्मुट और एरिका सिमोन घूम रहे थे। ऊँचाई थी 3,210 मीटर और चारों तरफ थी बस बर्फ ही बर्फ. तभी उनकी नज़र एक अजीब सी चीज़ पर पड़ी. पहले तो उन्हें लगा कि शायद कोई हाल ही में मरा हुआ पर्वतारोही होगा लेकिन जब पास गए तो चौंक गए. ये कोई साधारण लाश नहीं थी. ये था एक ममीकृत शरीर जो बर्फ में पूरी तरह सुरक्षित था. वैज्ञानिकों ने बाद में जब इसकी विस्तार से जाँच की तो पता चला कि ये शरीर 3350 से 3105 ईसा पूर्व का है, यानि करीब 5,300 साल पुराना. इस इंसान को ओत्ज़ी नाम दिया गया क्योंकि वो ओत्ज़टाल आल्प्स में मिला था.

ओत्ज़ी एक पुरुष था जिसकी उम्र मरते वक्त करीब 45 साल रही होगी. वो लगभग 1.6 मीटर लंबा था और उसका वजन करीब 50 किलो था. वैज्ञानिकों ने उसकी जिंदगी और मौत की कहानी को बारीकी से समझने की कोशिश की और जो सामने आया, वो किसी जासूसी फिल्म से कम नहीं था. 

ओत्ज़ी की सबसे खास बात थी उसके शरीर पर मिले 61 टैटू. ये दुनिया के सबसे पुराने टैटू माने जाते हैं. पहले तो वैज्ञानिकों को लगा कि शायद ये निशान या घाव हैं लेकिन 2015 में जब मल्टीस्पेक्ट्रल इमेजिंग (खास तरह की फोटोग्राफी) से उसके शरीर की जाँच की गई, तो पक्का हुआ कि ये टैटू हैं. ये टैटू कोई सजावटी चित्र या जानवरों की आकृतियाँ नहीं थे बल्कि साधारण सी काली रेखाएँ और कुछ क्रॉस के निशान थे. सबसे ज्यादा टैटू उसकी टाँगों, पीठ, और कमर पर थे. कुछ टैटू उसके घुटने, टखने, और कलाई पर भी थे. टैटुओं को बनाने के लिए सूत या राख का इस्तेमाल किया गया था. 

वैज्ञानिकों का मानना है कि पहले छोटे-छोटे कट बनाए गए होंगे और फिर उसमें सूत को रगड़ा गया होगा. ये टैटू इतने गहरे और साफ थे कि लगता था कि इन्हें बार-बार बनाया गया हो… लेकिन सवाल ये है- ये टैटू बनाए क्यों गए? वैज्ञानिकों ने जब ओत्ज़ी के टैटू वाले हिस्सों की जाँच की तो पाया कि ये वही जगहें थीं जहाँ उसके शरीर में दर्द या बीमारी थी. मसलन, उसके टैटू कमर, घुटनों, और टखनों पर थे और एक्स-रे से पता चला कि इन जगहों पर उसे आर्थराइटिस (जोड़ों का दर्द) और हड्डियों में खराबी थी. इससे एक थ्योरी बनी कि शायद ये टैटू इलाज के लिए बनाए गए थे. उस समय के लोग मानते होंगे कि टैटू बनाने से दर्द कम होता है या बीमारी ठीक हो जाती है. ये एक तरह का प्राचीन एक्यूपंक्चर जैसा हो सकता है.

हालाँकि कुछ वैज्ञानिक मानते हैं कि इन टैटुओं का सामाजिक या धार्मिक महत्व भी हो सकता है. शायद ये किसी खास समूह की पहचान, बहादुरी, या रस्म का हिस्सा रहे हों, लेकिन चूँकि उस समय लिखित भाषा नहीं थी, हम सिर्फ अंदाज़ा ही लगा सकते हैं। 

ओत्ज़ी की जिंदगी को समझने के लिए वैज्ञानिकों ने उसके सामान, कपड़ों, और शरीर की हर छोटी चीज़ की जाँच की. वो कॉपर एज यानि ताम्र युग का इंसान था और उसके पास उस समय की सबसे उन्नत चीज़ें थीं। उसके पास से मिले- 

  • एक तांबे की कुल्हाड़ी, जो उस समय बहुत कीमती थी. ये बताता है कि शायद वो अपने समूह में कोई खास इंसान था।
  • एक पत्थर का चाकू, धनुष, और कई तीर जिनमें से कुछ अधूरे थे, जैसे वो उन्हें बना रहा हो।
  • ऐसे कपड़े जो भालू, बकरी, और हिरण की खाल से बने थे। उसने जूते भी पहने थे जो भालू की खाल और पेड़ की छाल से बने थे और बर्फ में चलने के लिए खास डिज़ाइन किए गए थे.
  • एक घास की चटाई और बैकपैक जो बताता है कि वो लंबी यात्राएँ करता था.

उसके पेट की जाँच से पता चला कि मरने से पहले उसने हिरण का मांस, कुछ अनाज, और जंगली जामुन खाए थे लेकिन उसकी सेहत अच्छी नहीं थी. उसे लैक्टोज़ इनटॉलरेंस था, यानी वो दूध नहीं पचा सकता था. उसके दाँत खराब थे और फेफड़े आग के धुएँ से काले पड़ गए थे, शायद इसलिए कि वो हमेशा आग के पास बैठता था.

ओत्ज़ी की मौत की कहानी सबसे रोमांचक है. पहले वैज्ञानिकों को लगा कि वो ठंड या थकावट से मरा होगा लेकिन 2001 में जब उसके शरीर का एक्स-रे किया गया तो एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ. उसके कंधे में एक तीर का नुकीला सिरा धँसा हुआ था जो उसकी धमनी को चीर गया. इसके अलावा उसके सिर पर चोट के निशान थे और हाथ पर एक गहरा घाव था जो शायद किसी लड़ाई में लगा. 

वैज्ञानिकों का मानना है कि ओत्ज़ी की हत्या की गई थी. शायद वो किसी हमले का शिकार हुआ, या फिर किसी दुश्मन ने उसे मार डाला. उसके हाथ के घाव से पता चला कि लड़ाई मरने से कुछ दिन पहले शुरू हो चुकी थी. वो शायद भाग रहा था और बर्फीली चोटी पर छिपने की कोशिश कर रहा था लेकिन हमलावरों ने उसे ढूंढ लिया.

आज ओत्ज़ी इटली के साउथ टायरॉल म्यूज़ियम ऑफ आर्कियोलॉजी में है जहाँ उसे खास तापमान (-6 डिग्री सेल्सियस) में रखा गया है ताकि उसका शरीर सुरक्षित रहे. लोग उसे देखने दुनिया भर से आते हैं. वो सिर्फ एक ममी नहीं बल्कि एक टाइम मशीन है जो हमें ताम्र युग के जीवन की झलक दिखाती है. 

ओत्ज़ी की कहानी हमें बताती है कि 5,300 साल पहले के लोग भी हमारी तरह जटिल थे. वे बीमारियों से लड़ते थे, औज़ार बनाते थे, और शायद टैटू बनाकर अपने दर्द को कम करने की कोशिश करते थे. 

उसके टैटू हमें उस समय की चिकित्सा, विश्वास, और संस्कृति की एक झलक देते हैं.. जबकि उसकी हत्या की कहानी हमें बताती है कि इंसान उस समय भी प्यार, लड़ाई, और संघर्ष का हिस्सा था. 

2017 में  Iceman नाम की फिल्म आई थी जो ओत्ज़ी पर बनाई गई.

Comments

Popular posts from this blog

रविंद्र प्रताप सिंह (रवि): वो शख्स जिसने मृत्यु के सन्नाटे में मानवता की आवाज़ बनकर 3800 शवों को दिया सम्मान

शमशान बना आशियाना, मोह माया से मुक्त मृत शरीरों में दिखा भगवान - रवि सिंह संवाददाता, लखनऊ l जब दुनिया ने अपने दरवाज़े बंद कर लिए थे, अपनों ने भी अपनों से मुँह फेर लिया था, अस्पतालों में साँसे रुक रही थीं और शमशान घाटों में चिताएं लगातार जल रही थीं — उस भयावह मंजर में एक चेहरा ऐसा भी था, जो लोगों को जीवन में नहीं परंतु मृत्यु के बाद सम्मान दे रहा था। नाम है रविंद्र प्रताप सिंह उर्फ रवि, जो न सिर्फ एक कर्मठ कर्मचारी हैं, बल्कि मानवता के सबसे कठिन इम्तहान में खरे उतरने वाले सच्चे योद्धा हैं। शमशान घाट बना तपोस्थली साल 2021, अप्रैल का महीना... लखनऊ का बैकुंठ धाम शवदाह गृह देश के सबसे व्यस्त शमशान घाटों में बदल चुका था। चिताओं की आग बुझने का नाम नहीं ले रही थी। उस दौरान जब अधिकांश कर्मचारी भय से दूर हो गए, रवि ने पीछे नहीं देखा। उन्होंने 8 अप्रैल से 8 जून 2021 तक दो माह तक शमशान में ही रहकर — 3800 से अधिक शवों का अंतिम संस्कार किया। यह सिर्फ आँकड़ा नहीं, हर एक शरीर के पीछे एक टूटता हुआ परिवार, एक आखिरी विदाई की पीड़ा, और रवि जैसे एक संवेदनशील हाथों की गरिमा थी। उनका कहना है — “मैंने मृत शरी...

“अफसरों की लापरवाही और सरकार की अनदेखी: उजड़ने की कगार पर संजय कॉलोनी भाटी माइंस”

जितेंद्र कुशवाहा दिल्ली के दक्षिणी इलाके में स्थित संजय कॉलोनी भाटी माइंस के लोग आज भी अपने अधिकार और अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह वही कॉलोनी है, जिसे वर्ष 1976 में दिल्ली सरकार ने विधिवत बसाया था और यहां के निवासियों को पट्टे भी दिए गए थे। उस समय ग्रामीणों को यह भरोसा दिलाया गया था कि अब उन्हें एक स्थायी ठिकाना मिल गया है। लोग गांव से आए, मजदूरी की, और जीवनभर की कमाई लगाकर ईंट-पत्थर से अपने आशियाने खड़े किए। लेकिन 1991 में अफसरों की लापरवाही और सरकार की अनदेखी ने यहां के निवासियों की जिंदगी को अंधकार में धकेल दिया। अधिकारियों की एक गलत रिपोर्ट और अदूरदर्शी निर्णय के कारण पूरी कॉलोनी को रिज क्षेत्र (संरक्षित वन क्षेत्र) घोषित कर दिया गया। नतीजा यह हुआ कि 15 साल पहले जिन घरों को कानूनी मान्यता दी गई थी, वे अचानक “अवैध” हो गए। आज हालात यह हैं कि सरकार और प्रशासन उन्हीं घरों को तोड़ने पर आमादा है, जिन पर लोगों ने अपना खून-पसीना बहाकर जीवन की पूंजी लगा दी थी। इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हुए नव युवक ग्राम विकास समिति के सदस्य एवं ‘संसार जनकल्याण एक किरण फाउंडेशन’ के संस्थापक समाज...

नगर निकायों में कर्मचारियों से उच्च पद का कार्य लेना बंद होगा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने नगर निकायों में कार्यरत कर्मचारियों से उनके मूल पद से उच्च पद का कार्य लेने की प्रथा पर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है, जिसके तहत अब किसी भी नगर निकाय में कार्यरत कर्मचारी से उसके मूलपद से अधिक जिम्मेदारी वाला कार्य नहीं लिया जाएगा।  मुख्यमंत्री कार्यालय को ऑनलाइन संदर्भ संख्या 60000180127355 के माध्यम से एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें यह उजागर किया गया था कि प्रदेश के कई नगर निकायों में कर्मचारियों से उनकी निर्धारित जिम्मेदारियों से अधिक काम लिया जा रहा है।  इस मामले पर 19 दिसंबर 2018 को संज्ञान लिया गया था, लेकिन अब इसे लेकर ठोस कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। स्थानीय निकाय निदेशालय, गोमती नगर विस्तार, लखनऊ की ओर से यह निर्देश प्रदेश के समस्त नगर आयुक्तों, जलकल विभाग के महाप्रबंधकों, डिविजनल जल संस्थानों के प्रमुखों और नगर पालिका व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को भेजा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी कर्मचारी से उसके मूलपद से ऊपर के स्तर का कार्य लेना नि...