वशिष्ठ मौर्य
जनपद देवरिया में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सुरक्षा बलों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों सहित सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने भी योग कर लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिले के नोडल अधिकारी अजय कुमार शुक्ला, सांसद शशांक मणि तथा विधानसभा देवरिया के विधायक शलभ मणि सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रशिक्षकों के दिशा-निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास से हुई। विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कराया गया।
नोडल अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि योग भारतीय परंपरा की एक अमूल्य देन है। यह तन और मन दोनों को स्वस्थ रखने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग विश्व पटल पर अपनी पहचान बना चुका है।
सांसद शशांक मणि ने कहा कि योग जीवन को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक शांति का भी माध्यम है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।
वहीं पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत वीर ने युवाओं को नशा-मुक्त जीवन जीने और योग को अपनाकर अनुशासित दिनचर्या विकसित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों, विद्यालयों और सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को योग के नियमित अभ्यास हेतु प्रेरित किया गया।

Comments
Post a Comment