09 अक्टूबर को लखनऊ में गूंजेगी निकाय कर्मचारियों की आवाज़
उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ महारैली की तैयारियों में जुटा महासंघ
मनोज कुमार मौर्य
लखनऊ। राजधानी लखनऊ आने वाले 9 अक्टूबर को नगर निगम कर्मचारियों की ऐतिहासिक महारैली का गवाह बनने जा रहा है। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के आवाहन पर आयोजित इस महारैली को लेकर अवध क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर हैं। अवध क्षेत्र के अध्यक्ष रामकुमार रावत के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश नगर निगम चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष विजय यादव, महामंत्री जितेंद्र सिद्धार्थ, कार्यकारिणी सदस्य धीरज चौधरी, नंदलाल, दयाराम, जगदीश, लल्लन, धर्मेंद्र, पुत्तीलाल समेत बड़ी संख्या में फील्ड कर्मचारी रविवार को महुआ पार्क एवं विश्वास पार्क, इंदिरा नगर में जुटे। यहां पदाधिकारियों ने आगामी महारैली की रूपरेखा कर्मचारियों को बताई और आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में यह तय किया गया कि 9 अक्टूबर की सुबह सभी कर्मचारी नगर निगम मुख्यालय पर 11 बजे इकट्ठा होकर एकजुटता का प्रदर्शन करेंगे। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने एक स्वर में विश्वास दिलाया कि वे रैली में अपनी पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करेंगे और किसी भी हाल में पीछे नहीं हटेंगे। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यह महारैली निकाय कर्मियों की लंबे समय से लंबित मांगों, नियमितीकरण, वेतन विसंगतियों और सेवा सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों को सरकार और प्रशासन के सामने मजबूती से रखने का माध्यम बनेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कर्मचारियों की आवाज़ को नजरअंदाज किया गया तो आने वाले समय में और भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। अध्यक्ष रामकुमार रावत ने कहा कि यह सिर्फ महारैली नहीं बल्कि निकाय कर्मचारियों की एकजुटता और हक़ की लड़ाई की शुरुआत है। वहीं महामंत्री जितेंद्र सिद्धार्थ ने कहा कि कर्मचारी अब चुप नहीं बैठेंगे जब तक हमारी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, आंदोलन जारी रहेगा। रैली में हजारों कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे 9 अक्टूबर को लखनऊ की सड़कों पर निकाय कर्मियों का महासैलाब उमड़ने की पूरी उम्मीद है।

Comments
Post a Comment