विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। हिंदी दिवस के अवसर पर नेहरू युवा केंद्र के तत्वाधान में संजय कॉलोनी, भाटी माइंस में लेखन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में लगभग 30 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में समाजसेवी जितेंद्र कुशवाहा और अपर्णा सर्व सेवा समिति के संस्थापक अमित कुमार ने संयुक्त रूप से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सर्टिफ़िकेट देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में पूर्वांचल छठ पूजा समिति, भाटी माइंस और संसार जन कल्याण एक किरण फाउंडेशन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी जितेंद्र कुशवाहा ने बच्चों से कहा,
“हिंदी केवल हमारी भाषा नहीं, बल्कि हमारी पहचान और हमारी संस्कृति की आत्मा है। आप सभी बच्चे हिंदी को गर्व के साथ अपनाएँ, इसके माध्यम से अपने विचारों और रचनात्मकता को दुनिया तक पहुँचाएँ। नई तकनीक और आधुनिक शिक्षा के साथ हिंदी को जोड़कर इसे और समृद्ध बनाएँ, क्योंकि आप ही भविष्य में हिंदी को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाले सच्चे दूत हैं।”
प्रतिभागियों और अभिभावकों ने इस आयोजन को अत्यंत प्रेरणादायक और उपयोगी बताते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।


Comments
Post a Comment