वशिष्ठ मौर्या
देवरिया मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बुधवार को वृद्धाश्रम देवरिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वृद्धजनों से उनके आवास, भोजन, मनोरंजन, समाचार पत्र, गर्म पानी, अलाव, कंबल, दवाइयों सहित उपलब्ध समस्त सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने वृद्धजनों के साथ बैठकर उनसे संवाद किया तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी देवरिया सुधीर पाण्डेय के साथ वृद्धजनों के साथ भोजन भी किया। निरीक्षण के समय जिला समाज कल्याण प्रवेक्षक संतोष कुमार तिवारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल उपस्थित रहे।
निरीक्षण के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए शीत ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही वृद्धजनों के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु वृद्धाश्रम में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा शिविर आयोजित कराए जाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

Comments
Post a Comment