मनोज मौर्य
लखनऊ,30अप्रैल। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस की पूर्व संध्या पर यूपी प्रेस क्लब में आयोजित जयहिंद संवाद कार्यक्रम में आमंत्रित संगठनों के वक्ताओं ने भारत जैसे विकासशील देशों में मजदूर हितों के मौजूदा हालात पर अपने विचार व्यक्त किये।
सबसे पहले आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सैय्यद मोहम्मद तकी ने बताया कि आधुनिक विश्व के निर्माण में हर स्तर पर मजदूरों की मेहनत और पसीने का योगदान देखा जा सकता है लेकिन पूंजीपतियों के चंगुल में फंसी राजनीति ने मजदूर हितों को लगातार नजरअंदाज किया है जिसके परिणाम आज श्रमिक असंतोष के रूप में सामने आने लगे हैं।
राष्ट्रवादी जनसमाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद इकराम अंसारी ने भारत की मौजूदा शिक्षानीति को मजदूरों के शोषण से जोड़ा और बताया कि हमारी व्यवस्था में बैठे निर्णायक लोग मजदूरों के शोषण वाली नीतियां तैयार कर रहे हैं जिसके नतीजे दिखाई देने लगे हैं।
आजाद चालक एसोसिएशन के अध्यक्ष पीएस सलूजा ने ओला उबर संचालकों से जुड़े श्रमिक सुधारों के बारे में जानकारी दी और आजाद चालक संघ की भावी योजनाओं पर चर्चा की। सलूजा के साथ आजाद चालक संघ के महामंत्री नितिन सिंह और उपाध्यक्ष एसके वर्मा ने भी मंच से अपनी बात कही।संगोष्ठी का संचालन दायित्व विमल प्रकाश ने संभाला।जयहिंद संवाद पाक्षिक कार्यक्रम के बारे में उन्होंने बताया कि माह में दो बार जनता से जुड़े सवालों पर संगोष्ठी का आयोजन निर्धारित है। कार्यक्रम संयोजक जाहिद अली के अनुसार जयहिंद संवाद का आगामी सत्र अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की जनता से जुड़े जरूरी सवालों की पड़ताल पर केंद्रित रहेगा।

Comments
Post a Comment