जीजीआईसी बाउंड्री से सटे अतिक्रमणकारियों पर परिवर्तन दल का हंटर
अयोध्या से रवि मौर्य की रिपोर्ट
अयोध्या। शहर के रेलवे स्टेशन फव्वारा चौराहे पर मंगलवार को नगर निगम के परिवर्तन दल ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। परिवर्तन दल प्रभारी बीके सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) की बाउंड्री से सटे अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की।
बताया गया कि कई दुकानदारों ने बांस-बल्ली और पन्नी की मदद से सड़क किनारे कमरेनुमा ढांचे बनाकर अतिक्रमण कर लिया था। नगर निगम टीम ने ऐसे दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया।
गौरतलब है कि रेलवे स्टेशन से चंद कदमों की दूरी पर स्थित गुरु गोविंद सिंह फव्वारा चौराहे के पास यह अतिक्रमण लंबे समय से किया गया था। पन्नी के आगे दुकान और पीछे कमरेनुमा ढांचा बनाकर सार्वजनिक स्थल पर कब्जा किया गया था।
लोगों का कहना है कि जीजीआईसी स्कूल और रेलवे स्टेशन क्षेत्र होने के कारण यहां महिलाओं और छात्राओं का दिन-रात आवागमन बना रहता है। ऐसे में अस्थायी कमरेनुमा दुकानों से सुरक्षा संबंधी खतरे की आशंका बनी रहती है।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान नगर निगम परिवर्तन दल के साथ सिविल लाइन चौकी प्रभारी एवं पुलिस बल भी मौजूद रहा, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।


Comments
Post a Comment