अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की महिला कर्मचारियों एवं कर्मचारियों की पत्नियों के संगठन “कल्याणमयी” तथा हार्टफुलनेस के संयुक्त तत्वावधान में महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या धाम में तीन दिवसीय “तनाव प्रबंधन एवं ध्यान कार्यशाला” का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य हवाई अड्डे के कर्मचारियों एवं अन्य संबंधित कार्मिकों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन एवं तनावमुक्त जीवन शैली को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के दौरान निर्देशित ध्यान सत्र, तनाव प्रबंधन तकनीकें, विश्राम अभ्यास एवं संवादात्मक चर्चाओं का आयोजन किया गया। इन सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को सकारात्मक सोच, मानसिक शांति, एकाग्रता एवं कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
कल्याणमयी द्वारा पूर्व में भी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, जागरूकता अभियान, महिला यात्रियों के साथ संवाद, वृक्षारोपण एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। वहीं हार्टफुलनेस संस्था ध्यान एवं माइंडफुलनेस के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य एवं समग्र जीवन शैली को बढ़ावा देने के लिए विश्वभर में कार्य कर रही है।
कार्यक्रम का संचालन हार्टफुलनेस के प्रशिक्षक सी. पी. त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर एयरपोर्ट निदेशक धीरेंद्र सिंह, कल्याणमयी अयोध्या की अध्यक्षा नम्रता सिंह, हार्टफुलनेस सदस्य धीरेंद्र श्रीवास्तव, रेनू श्रीवास्तव एवं राधा बाजपेयी उपस्थित रहीं। साथ ही कल्याणमयी सदस्य सुषमा सिंह, कमलपारू, प्रीति सिंह एवं नम्रता दुबे सहित एयरलाइंस, “मे आई हेल्प यू”, हाउसकीपिंग एवं अन्य हितधारक संस्थाओं की महिला कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य कार्यस्थल पर सौहार्दपूर्ण वातावरण विकसित करना तथा कर्मचारियों के मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

Comments
Post a Comment