अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या।जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में विद्युत विभाग से संबंधित बिजली कनेक्शन, ट्रांसफार्मर, अबाध विद्युत आपूर्ति तथा प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों, पंचायत भवनों एवं सामुदायिक शौचालयों में विद्युत कनेक्शन एवं मीटर रीडिंग की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न सरकारी भवनों में विद्युत कनेक्शन की स्थिति, मीटर रीडिंग, विद्युत बिल भुगतान एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों, पंचायत भवनों एवं सामुदायिक शौचालयों में विद्युत कनेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा जहां कहीं भी विद्युत संबंधी समस्याएं लंबित हों, उनका शीघ्र निस्तारण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशील स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने अथवा मरम्मत कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग को प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों एवं सार्वजनिक उपयोग के भवनों में निर्बाध विद्युत व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है, जिससे विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मीटर रीडिंग एवं विद्युत बिलों का नियमित सत्यापन कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा विभिन्न भवनों में विद्युत कनेक्शन, मीटरिंग एवं विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

Comments
Post a Comment