राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में आमजन को जागरूक करेगा पीआरवी वाहन
मनोज कुमार मौर्य
लखनऊ। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को विशेष अभियान चलाया गया। माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ श्री मलखान सिंह ने न्यायालय परिसर से पीआरवी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जनपद लखनऊ की समस्त तहसीलों, ब्लॉकों एवं दूरदराज क्षेत्रों में जाकर राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में आमजन को जागरूक करेगा। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 09 मई 2026 को जनपद न्यायालय लखनऊ, कलेक्ट्रेट तथा जनपद की सभी तहसीलों में किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रकार के वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा। इस अवसर पर श्री प्रकाश तिवारी, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत एवं अपर जिला जज, श्री कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, किरन यादव पुलिस उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी सहित समस्त न्यायिक अधिकारी, कर्मचारीगण, पराविधिक स्वयंसेवक, पैनल अधिवक्ता तथा डिफेंस काउंसिल उपस्थित रहे।


Comments
Post a Comment