नक्शा स्वीकृति मिलने के बाद दोबारा शुरू हुआ संचालन
अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। सलारपुर स्थित अवध वाटर पार्क एक बार फिर पर्यटकों और युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। विगत माह अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा नक्शा स्वीकृति न होने के कारण सील किए गए इस वाटर पार्क को अब आवश्यक स्वीकृतियां मिलने के बाद शुक्रवार से दोबारा शुरू कर दिया गया।
वाटर पार्क का उद्घाटन वेद प्रकाश गुप्ता ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद बड़ी संख्या में लोग स्वीमिंग पूल और विभिन्न वाटर एक्टिविटीज का आनंद लेने पहुंचने लगे।
वाटर पार्क प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि नक्शा संबंधी प्रक्रिया पूरी न होने के कारण संचालन रोका गया था, लेकिन अब विकास प्राधिकरण से स्वीकृति मिलने के बाद पार्क को पुनः शुरू कर दिया गया है और आगे नियमित रूप से संचालन जारी रहेगा।
वाटर पार्क के मैनेजर शिवचरन ने बताया कि यह पार्क खुली आबोहवा में शहर से लगभग 9 से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश शुल्क न्यूनतम रखा गया है। मात्र 500 से 600 रुपये में लोग सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक वाटर पार्क का आनंद ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पार्क परिसर में 20 महिला गार्ड समेत कुल 82 स्टाफ तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे परिसर की निगरानी की जा रही है।
प्रदीप सिंह ने यह भी बताया कि आर्मी कर्मियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के इस मौसम में लोग एक बार परिवार और दोस्तों के साथ अवध वाटर पार्क जरूर आएं और मनोरंजन का आनंद लें।


Comments
Post a Comment