चूल्हा जलाकर बनाई चाय-तहरी, लोगों को वितरित कर जताया विरोध
अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में बुधवार को बहुजन मुक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। एसएसपी आवास चौराहा स्थित कचहरी के समीप एकत्रित होकर कार्यकर्ताओं ने चूल्हा जलाया और मौके पर ही चाय व तहरी तैयार कर लोगों को वितरित की।
पार्टी नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक समस्याओं से जूझ रही है। इसी के विरोध में सांकेतिक रूप से चूल्हा जलाकर प्रदर्शन किया गया, ताकि सरकार तक आम लोगों की आवाज पहुंच सके।
प्रदर्शन के उपरांत नगर मजिस्ट्रेट अयोध्या को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों को उठाया।
इस दौरान भारत मुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामधारी दिनकर, बहुजन मुक्ति पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष सुशीला दिनकर, शोभा बौद्ध, रविन्द्र प्रताप भारती, प्रमोद भारती सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।


Comments
Post a Comment