अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या।लखनऊ में हुई दर्दनाक अग्निकांड की घटना में मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए राष्ट्रीय छात्र संगठन द्वारा गुरुवार को एक कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय छात्र संगठन के अध्यक्ष जय प्रताप गुप्ता ने किया।
कैंडल मार्च सिविल लाइंस स्थित शहीद स्तंभ से प्रारंभ होकर गांधी पार्क तक निकाला गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय छात्र संगठन के अध्यक्ष जय प्रताप गुप्ता ने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। संगठन मृतकों के परिजनों के साथ खड़ा है तथा प्रशासन से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग करता है।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस पार्टी के महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देती हैं। सरकार एवं संबंधित विभागों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मृतकों के परिवारों की क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन प्रशासन को राहत एवं पुनर्वास कार्यों को पूरी संवेदनशीलता के साथ संचालित करना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से पीड़ित परिवारों के प्रति सहयोग एवं संवेदना व्यक्त करने का आह्वान किया।
उक्त अवसर पर प्रमुख रूप से सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा अशोक कनौजिया, बृजेश रावत, सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुरेंद्र प्रताप सिंह, कवींद्र साहनी, धीरेंद्र सिंह बबलू, विशाल दुबे अशोक कुमार शर्मा, कल्लू शर्मा सहित राष्ट्रीय छात्र संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Comments
Post a Comment