रवि मौर्य
अयोध्या। राम जन्मभूमि मंदिर दान चोरी मामले में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले में गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला को अदालत से 13 घंटे की पुलिस रिमांड मिली है। रिमांड मिलने के बाद पुलिस आरोपी को जेल से निकालकर पुलिस लाइन ले गई, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ब्रीजा कार बरामद की है। इसके अलावा जांच टीम आरोपी को लेकर कौशलपुरी स्थित श्याम साधनालय योग केंद्र भी पहुंची, जहां उसकी मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और वारदात से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की गई।
पुलिस मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के दौरान यदि नए तथ्य सामने आते हैं या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस साक्ष्यों के संकलन और तकनीकी जांच के आधार पर मामले को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। पूछताछ के बाद इस चर्चित मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Comments
Post a Comment