Skip to main content

समता, बंधुता और शांति का पैरोकार हो रंगमंच!

मंजुल भारद्वाज 

समता,बंधुता और शांति का पैरोकार हो रंगमंच, पर ऐसा हो नहीं रहा. रंगमंच सत्ता के वर्चस्व का माध्यम भर रह गया है और रंगकर्मी उसकी कठपुतलियाँ जो रंगकर्म के मूल उद्गम के ख़िलाफ़ है. 

रंगकर्म का मूल है विकार से मनुष्य और मनुष्यता को मुक्त करना. मनुष्य के विचार को विवेक की लौ से आलोकित करना. रंगकर्म समग्र है, मनुष्यता का पैरोकार है. रंगकर्म की प्रक्रिया ‘स्वयं’ को आग में जलाकर ज़िन्दा रखने जैसी है.

आत्मविद्रोह का अहिंसात्मक, कलात्मक सौन्दर्य है रंगकर्म. सौंदर्य बोध ही इंसानियत है. सौंदर्य बोध सत्य को खोजने,सहेजने,जीने और संवर्धन करने का सूत्र है. 

सौंदर्य बोध विवेक की लौ में प्रकशित शांति की मशाल है जो तलवार से टपकते खून को निरर्थक साबित कर तलवारबाज़ों को मनुष्यता के योद्धा नही शत्रु सिद्ध करती है. रंगकर्म के इसी सौंदर्य बोध को सत्ता ने लूट लिया. सौंदर्य बोध के अमूर्त विवेक को मूर्त शरीर तक सिमटा दिया. कलाकारों को विवेक सौंदर्य से चमकने की बजाय भोग और लिप्सा के वशीभूत कर सत्ता के गलियारों में रेंगते हुए प्राणियों में बदल दिया. रंग यानी विचार के कर्म को नुमाइश बना दिया.

दुनिया भर की सत्ताओं ने यही किया. सत्ता चाहे पूंजीवादी हो मार्क्सवादी हो या दक्षिणपंथी. सामंतवादी सत्ता ने उसे नचनिया गवानियां, बादशाहों ने दरबारी, पूंजीवादी सत्ता ने बिकाऊ और वामपंथी सत्ता ने प्रोपोगंडा बना दिया रंगकर्म को! सभी सत्ताओं ने कलाकारों को राजआश्रय देकर उनके मन में यह बात बिठा दी की कलाकार बिना राजआश्रय के जी नहीं सकता. 

सम्मान नहीं पा सकता.यही सोच सत्ता ने समाज के मानस में भर दी.  दुनिया भर का जनमानस यही मानता है की बिना बिके कलाकार जी नहीं सकता. सत्ता ने उन्हीं रंगकर्मियों को आगे बढ़ाया जो उनके वर्चस्व के लिए उपयोगी हों चाहे वो शेक्सपियर हो,चेखव हो, गार्गी हो या अमेरिका के नवपूंजीवादी. शेक्सपियर ने अंग्रेजी भाषा और साम्राज्यवाद को आगे बढ़ाया, चेखव ,गार्गी सर्वहारा के नाम पर तानाशाही के प्रोपोगेंडिस्ट बन गए और अमेरिका के नवपूंजीवादी प्रोफेशनल और कमर्शियल जुमलों से लिपट ‘खरीदने और बेचने’ के वाहक बनकर पूरी दुनिया को गर्त में ले गए.

इसका उदाहरण है रूस का यूक्रेन पर हमला. अमेरिका और रूस के वर्चस्ववाद की बली चढ़ गया यूक्रेन. अमेरिका अपने एक ध्रुवीय वर्चस्व को कायम रखना चाहता है. 

रूस अपने अतीत को वापस पाना चाहता है. बर्बाद हो रहा है यूक्रेन. यूक्रेन अपनी सार्वभौमिकता के लिए लड़ रहा है. एक स्वतंत्र देश होने के नाते उसे अपने निर्णय लेने का अधिकार है, जो रूस को मंजूर नहीं क्योंकि यूक्रेन के नाटो में शामिल होने से रूस डरता है. यूक्रेन दूसरा अफ़गानिस्तान बनने की राह पर है और दुनिया तमाशा देख रही है.

सोचिये मानवाधिकारों की दुहाई देने वाला अमेरिका कहाँ है? अमेरिका का अर्थ वहां की सत्ता नहीं जनता कहाँ है? यूक्रेन के 15-20 लाख से ज्यादा बच्चे और महिलाएं दर दर भटक रहे हैं. कहाँ है यूरोप का रेनेशां? 

कहाँ है रूस की जनता? क्या सर्वहारा का कोई दर्द है रूस की जनता के मन में? क्या अमेरिका,रूस, यूरोप या दुनिया के किसी भी मुल्क में कोई पिता नहीं है, मां नहीं है, महिला नहीं है जो बच्चों और महिलाओं का दर्द जान सके?

कहाँ हैं वो वैज्ञानिक जिन्होंने विज्ञान के नाम पर परमाणु बम बनाए,मिसाइल बनाई,टैंक बनाये? क्या वो मनुष्यता के इन विनाशकारी हथियारों को बनाये बिना अपना पेट नहीं भर सकते थे? क्या उनका पेट मनुष्यता को मार कर ही भरता है?

विज्ञान मनुष्यता को नहीं बचाता. विवेक ज्ञान मनुष्यता को बचाता है. विवेक ज्ञान रंगकर्म से आलोकित होता है. रंगकर्म दर्शक के विवेक को जगाता है. पर सत्ता ने तकनीक और प्रशिक्षण के नाम पर विवेक बुद्धि को हर लिया है. पूरी दुनिया में रंगकर्मियों को प्रशिक्षित कर बाजारू बनाने के नाम पर बढई बना दिया. 

नाचने गाने वाले शरीर को दृष्टि शून्य बना दिया. सत्ता ने इन दृष्टि शून्य नाचने गाने वाले जिस्मों को जीवित रखने के लिए ग्रांट, अकादमी सम्मान, फ़ेलोशिप की भीख देकर जनता से काट दिया. सत्ता बड़ी निपुणता से इन दृष्टि शून्य नाचने गाने वाले जिस्मों की नुमाइश कराती है बड़े बड़े थिएटर फेस्टिवल के नाम पर. भारत का उदाहरण है भारंगम, ज़ोनल फ़ेस्टिवल आदि.

दुनिया में आज चार तरह का थिएटर होता है. एक सत्ता पोषित जो इन दृष्टि शून्य नाचने गाने वाले जिस्मों की नुमाइश भर होता है. दूसरा प्रोपोगंडा होता है जिसमें दृष्टि शून्य नाचने गाने वाले जिस्मों का  उपयोग वामपंथी- दक्षिणपंथी प्रोपोगंडा के लिए होता है. तीसरा बुद्धिजीवी वर्ग का ‘माध्यम’ होने का शगूफा है जो रंगकर्म को सिर्फ़ माध्यम भर समझते हैं. चौथा रंगकर्म है ‘थिएटर ऑफ़ रेलेवंस’ नाट्य सिद्धांत का रंगकर्म जो थिएटर को उन्मुक्त मानवदर्शन मानता है. थिएटर मानवता के कल्याण का वो दर्शन है जो किसी सत्ता के अधीन नहीं है. जो हर सत्ता को आईना दिखाता है. चाहे कोई भी सत्ता हो राजनैतिक,आर्थिक,सामाजिक,धार्मिक या सांकृतिक सत्ता सभी को आईना दिखाता है  ‘थिएटर ऑफ़ रेलेवंस’ नाट्य सिद्धांत का रंगकर्म !

आज विश्व को ऐसे ही रंगकर्म की दरकार है. ऐसे रंगकर्मियों की दरकार है जो रंगकर्म के मूल को समझें,  उसकी दृष्टि को आत्मसात कर एक उन्मुक्त मानवीय विश्व का निर्माण करें. उसके लिए सत्ता के हर षड्यंत्र के चक्रव्यूह को भेदना होगा. समाज के डीएनए में घुसे इस वायरस को मारना होगा की ‘एक उन्मुक्त’ कलाकार बिना सत्ताआश्रय के जी नहीं सकता. पेट भरने, शोहरत, मय, मदिरा और शबाब के सत्ता षड्यंत्र से बाहर आकर कला साधक बनना होगा. क्या कहा यह असम्भव है? 

कोरा आदर्शवाद है? इंसान और इंसानियत भी आदर्शवाद है, नहीं तो सब शरीर हैं जो पेट भरते हैं, अपने जैसे शरीर पैदा करते हैं और दुनिया से चले जाते हैं.

इस लेख का लेखक विगत 33 बरसों से यानी एक चौथाई सदी से ज्यादा  ‘थिएटर ऑफ़ रेलेवंस’ नाट्य सिद्धांत के रंगकर्म से ज़िन्दा है.सत्ता,कॉर्पोरेट,राजनैतिक पार्टियों के आश्रय बिना पूरे भारत में रंग आन्दोलन को उत्प्रेरित कर रहा है. विश्व के अनेक देशों में ‘थिएटर ऑफ़ रेलेवंस’ नाट्य सिद्धांत पर रंग कार्यशालाओं के साथ नाटकों का मंचन भी किया है.

निर्णय आपका है. उन्मुक्त हों या गुलामी में रेंगते रहो !

Comments

Popular posts from this blog

रविंद्र प्रताप सिंह (रवि): वो शख्स जिसने मृत्यु के सन्नाटे में मानवता की आवाज़ बनकर 3800 शवों को दिया सम्मान

शमशान बना आशियाना, मोह माया से मुक्त मृत शरीरों में दिखा भगवान - रवि सिंह संवाददाता, लखनऊ l जब दुनिया ने अपने दरवाज़े बंद कर लिए थे, अपनों ने भी अपनों से मुँह फेर लिया था, अस्पतालों में साँसे रुक रही थीं और शमशान घाटों में चिताएं लगातार जल रही थीं — उस भयावह मंजर में एक चेहरा ऐसा भी था, जो लोगों को जीवन में नहीं परंतु मृत्यु के बाद सम्मान दे रहा था। नाम है रविंद्र प्रताप सिंह उर्फ रवि, जो न सिर्फ एक कर्मठ कर्मचारी हैं, बल्कि मानवता के सबसे कठिन इम्तहान में खरे उतरने वाले सच्चे योद्धा हैं। शमशान घाट बना तपोस्थली साल 2021, अप्रैल का महीना... लखनऊ का बैकुंठ धाम शवदाह गृह देश के सबसे व्यस्त शमशान घाटों में बदल चुका था। चिताओं की आग बुझने का नाम नहीं ले रही थी। उस दौरान जब अधिकांश कर्मचारी भय से दूर हो गए, रवि ने पीछे नहीं देखा। उन्होंने 8 अप्रैल से 8 जून 2021 तक दो माह तक शमशान में ही रहकर — 3800 से अधिक शवों का अंतिम संस्कार किया। यह सिर्फ आँकड़ा नहीं, हर एक शरीर के पीछे एक टूटता हुआ परिवार, एक आखिरी विदाई की पीड़ा, और रवि जैसे एक संवेदनशील हाथों की गरिमा थी। उनका कहना है — “मैंने मृत शरी...

“अफसरों की लापरवाही और सरकार की अनदेखी: उजड़ने की कगार पर संजय कॉलोनी भाटी माइंस”

जितेंद्र कुशवाहा दिल्ली के दक्षिणी इलाके में स्थित संजय कॉलोनी भाटी माइंस के लोग आज भी अपने अधिकार और अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह वही कॉलोनी है, जिसे वर्ष 1976 में दिल्ली सरकार ने विधिवत बसाया था और यहां के निवासियों को पट्टे भी दिए गए थे। उस समय ग्रामीणों को यह भरोसा दिलाया गया था कि अब उन्हें एक स्थायी ठिकाना मिल गया है। लोग गांव से आए, मजदूरी की, और जीवनभर की कमाई लगाकर ईंट-पत्थर से अपने आशियाने खड़े किए। लेकिन 1991 में अफसरों की लापरवाही और सरकार की अनदेखी ने यहां के निवासियों की जिंदगी को अंधकार में धकेल दिया। अधिकारियों की एक गलत रिपोर्ट और अदूरदर्शी निर्णय के कारण पूरी कॉलोनी को रिज क्षेत्र (संरक्षित वन क्षेत्र) घोषित कर दिया गया। नतीजा यह हुआ कि 15 साल पहले जिन घरों को कानूनी मान्यता दी गई थी, वे अचानक “अवैध” हो गए। आज हालात यह हैं कि सरकार और प्रशासन उन्हीं घरों को तोड़ने पर आमादा है, जिन पर लोगों ने अपना खून-पसीना बहाकर जीवन की पूंजी लगा दी थी। इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हुए नव युवक ग्राम विकास समिति के सदस्य एवं ‘संसार जनकल्याण एक किरण फाउंडेशन’ के संस्थापक समाज...

नगर निकायों में कर्मचारियों से उच्च पद का कार्य लेना बंद होगा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने नगर निकायों में कार्यरत कर्मचारियों से उनके मूल पद से उच्च पद का कार्य लेने की प्रथा पर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है, जिसके तहत अब किसी भी नगर निकाय में कार्यरत कर्मचारी से उसके मूलपद से अधिक जिम्मेदारी वाला कार्य नहीं लिया जाएगा।  मुख्यमंत्री कार्यालय को ऑनलाइन संदर्भ संख्या 60000180127355 के माध्यम से एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें यह उजागर किया गया था कि प्रदेश के कई नगर निकायों में कर्मचारियों से उनकी निर्धारित जिम्मेदारियों से अधिक काम लिया जा रहा है।  इस मामले पर 19 दिसंबर 2018 को संज्ञान लिया गया था, लेकिन अब इसे लेकर ठोस कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। स्थानीय निकाय निदेशालय, गोमती नगर विस्तार, लखनऊ की ओर से यह निर्देश प्रदेश के समस्त नगर आयुक्तों, जलकल विभाग के महाप्रबंधकों, डिविजनल जल संस्थानों के प्रमुखों और नगर पालिका व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को भेजा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी कर्मचारी से उसके मूलपद से ऊपर के स्तर का कार्य लेना नि...