सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में..
केंद्रीय कार्यशाला के सामने कंपोस्ट प्लांट में कूड़ा गाड़ियों से बैटरियों के तार चोरी,
शिवांश पाण्डेय
लखनऊ। नगर निगम की बड़ी लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। केंद्रीय कार्यशाला के सामने स्थित कंपोस्ट प्लांट में खड़ी नगर निगम की कूड़ा गाड़ियों से अज्ञात चोरों ने बैटरियों के तार चुरा लिए।
हैरानी की बात यह है कि घटना के समय मौके पर सुरक्षा कर्मी तैनात थे, बावजूद इसके चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
स्थानीय कर्मचारियों के अनुसार, कंपोस्ट प्लांट परिसर में दर्जनों कूड़ा गाड़ियाँ खड़ी थीं, जिनमें से कई गाड़ियों की बैटरियों के वायरिंग को काटकर चुरा लिया गया। इससे नगर निगम को आर्थिक नुकसान तो हुआ ही है, साथ ही सवाल उठने लगे हैं कि नगर निगम की संपत्ति कितनी असुरक्षित है, जब सुरक्षा कर्मी मौजूद होने के बावजूद इस तरह की वारदातें हो रही हैं।
सूत्रों की मानें तो, चोरी की यह घटना सुनियोजित लगती है। चोरी गए तारों की कीमत भले ही सीमित हो, लेकिन इससे गाड़ियों के संचालन पर सीधा असर पड़ा है, जिससे शहर में सफाई व्यवस्था भी बाधित हो सकती है। नगर निगम प्रशासन ने फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया है।
अब देखना यह होगा कि नगर निगम प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और दोषियों के खिलाफ क्या कदम उठाता है।


Comments
Post a Comment