- लखनऊ नगर निगम की लापरवाही..
- सुरक्षा इंतज़ाम नदारद कार्यशाला में..
लखनऊ। लखनऊ नगर निगम के केंद्रीय कार्यशाला विभाग में मंगलवार को एक गंभीर हादसा हो गया, जब वाहन मरम्मत कार्य कर रहे कर्मचारी धीरज वर्मा (छोटू) शॉर्ट सर्किट की चपेट में आकर झुलस गए।
हादसा उस समय हुआ जब वर्मा एक वाहन की मरम्मत कर रहे थे, इसी दौरान अचानक बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे उनके बाएं कंधे से लेकर हाथ के पंजे तक गंभीर रूप से जल गए। घटना के बाद घायल कर्मचारी को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। वर्तमान में उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस हादसे के बाद कार्यशाला में कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष शैलेन्द्र तिवारी ने नगर निगम प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि कार्यशाला में बुनियादी सुरक्षा उपकरणों का घोर अभाव है।
उन्होंने मांग की है कि घायल कर्मचारी के इलाज की समुचित व्यवस्था नगर निगम द्वारा की जाए, और भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव हेतु कार्यशाला में आवश्यक सुरक्षा उपकरण तत्काल उपलब्ध कराए जाएं।
शैलेन्द्र तिवारी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द इन मांगों पर अमल नहीं किया गया, तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
यह हादसा न सिर्फ प्रशासन की उदासीनता को उजागर करता है, बल्कि नगर निगम के कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चल रही अनदेखी का भी बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है।

Comments
Post a Comment