लखनऊ। नगर निगम लखनऊ के केंद्रीय कार्यशाला आर-आर विभाग में कार्यरत चालक और श्रमिकों ने ईपीएफ (EPF) भुगतान को लेकर नगर आयुक्त को संबोधित एक पत्र सौंपा है।
यह पत्र मेसर्स प्रिया इंटरप्राइजेज प्रा.लि. व मेसर्स ओजस्वी मल्टी सर्विसेज प्रा.लि. के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों द्वारा दिया गया है।
कर्मचारियों ने ईपीएफ की निर्धारित राशि की कटौती होने के बावजूद उसे संबंधित विभाग द्वारा PF खाते में जमा न करने को गंभीर लापरवाही बताया है। लंबे समय से सफाई व अन्य कार्यों का दायित्व पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं, लेकिन विगत वर्षों में ईपीएफ की धनराशि उनके खाते में जमा नहीं की गई।
ईपीएफओ की ओर से बार-बार जानकारी मांगे जाने पर कर्मचारी असमंजस में हैं। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि दोनों निजी कंपनियों – मेसर्स प्रिया इंटरप्राइजेज व मेसर्स ओजस्वी मल्टी सर्विसेज – का अनुबंध समाप्त कर दिया गया है, और किसी नई एजेंसी को कार्यभार सौंपा गया है।
कर्मचारियों ने नगर आयुक्त से अनुरोध किया है कि उक्त दोनों कंपनियों के माध्यम से कार्यरत रहे कर्मचारियों का ईपीएफ भुगतान शीघ्र कराया जाए। साथ ही यह मांग की गई है कि भविष्य में किसी भी नई एजेंसी के माध्यम से कार्य शुरू कराने से पूर्व पूर्ववर्ती एजेंसियों से जुड़े कर्मचारियों के हितों की रक्षा की जाए।


Comments
Post a Comment