शिवांश पाण्डेय
लखनऊ के वार्ड न्यू हैदरगंज द्वितीय (वार्ड संख्या 39) के अंतर्गत मोहल्ला आदर्श नगर, महादेव झर में सीवर लाइन की भारी कमी के चलते स्थानीय लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दुबग्गा स्थित निर्मल ढाबे के पीछे से लेकर इंडियन गैस गोदाम तक लगभग 400 मीटर दूरी में सीवर लाइन न होने के कारण बारिश के दिनों में गलियां कीचड़ और पानी से लबालब हो जाती हैं। मोहल्ले में पानी भरने और कीचड़ जमा होने से लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। इस समस्या से बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया।
इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय विधायक जय देवी ने महापौर, नगर निगम लखनऊ को पत्र लिखकर जल्द से जल्द सीवर लाइन डलवाने की मांग की है, ताकि मोहल्लावासियों को राहत मिल सके।
स्थानीय जनता का कहना है कि यदि जल्द कार्यवाही नहीं की गई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाएगा।

Comments
Post a Comment