उद्यान विभाग के पार्कों में कार्यरत कर्मचारियों के उपकरण रखने हेतु शोभाकार टीनशेड बनवाया जाए:-राम कुमार रावत
प्रमुख संवाददाता
लखनऊ नगर निगम अपर नगर आयुक्त(अधिष्ठान) नम्रता सिंह की अध्यक्षता में प्रभारी अधिकारी (अधिष्ठान) एवं अधिष्ठान लिपिक रमेश चौरसिया की उपस्थिति में उ0प्र0 नगर निगम चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ व नगर निगम प्रशासन के मध्य 12 सूत्रीय माँगपत्र पर गहन चर्चा हुई। माँगपत्र की समस्त माँगों पर समयबद्ध सार्थक निर्णय लिया गया और आश्वस्त किया गया कि जल्द ही समस्त माँगों पर कार्यवाही हेतु आदेश निर्गत कर संघ को अवगत कराया जायेगा।
कर्मचारी आवास योजना के अन्तर्गत नगर निगम सीमा में स्थित नगर निगम की भूमियांे पर नगर निगम कर्मचारियों को प्लॉट/भवन/फ्लैट, आवंटित किये जाएँ, इस योजना से नगर निगम कर्मचारियों के आवास की समस्या भी खत्म होगी और नगर निगम की सरकारी जमीनें भी सुरक्षित रहेंगी, इसमें चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाए।
2. विभागीय प्रमोशन कमेटी का गठन कर शासनादेश के अनुसार समस्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की उच्च पदों पर पदोन्नति, ए0सी0पी0 का लाभ एवं ए0सी0पी0 के एरियर का भुगतान तत्काल किया जाए।
उद्यान विभाग के पार्कों में कार्यरत कर्मचारियों के उपकरण रखने हेतु शोभाकार टीनशेड बनवाया जाए, उद्यान विभाग द्वारा संचालित नर्सरियों में उपकरण, खाद, बीज, पन्नी व पानी की समुचित व्यवस्था की जाए तथा सफाई कर्मचारियों सहित समस्त संवर्ग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए ठण्डी, गर्मी एवं बरसात की वर्दी तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
समस्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का स्थाईकरण करते हुए उच्चाधिकारियों की भांति चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की छुट्टियाँ, चिकित्सा प्रतिपूर्ति आदि की स्वकृति में गतिशीलता लाई जाए।
यूको बैंक में जमा समस्त कर्मचारियों के जी0पी0एफ0 की धनराशि, बकाया बोनस की धनराशि एवं सन् 2012 से अब तक का बकाया मंहगाई भत्ता व एरियर की समस्त धनराशि कर्मचारियों के वेतन वाले बैंक खाते/पी0पी0एफ0 खाते में ट्रांसफर कराई जाए।
राज्य कर्मचारियों की भांति नगर निगम में कार्यरत समस्त कर्मचारियों(स्थाई व अस्थाई) एवं उनके परिवार के लिए कैशलेेश इलाज की सुविधा प्रदान किया जाए।
नगर निगम में योजना विभाग एवं वेतन-पेंशन सेल का गठन करते हुए कर्मचारियों की व्यक्तिगत पत्रावलियों को कम्प्यूट्राइज्ड कराने के साथ-साथ प्रि-ऑडिट कराया जाए।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के ट्रान्सफर में भी लिपिकों की भांति 02 विकल्प मांगे जाये। नगर निगम में आउट सोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत समस्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों एवं कम्प्यूटर ऑपरेटरों का वेतन कानपुर एवं गोरखपुर नगर निगम की भांति कार्यकारिणी/सदन से आदेश पारित करवाकर बढ़ाया जाए तथा स्वीपर वेल्फेयर फण्ड की भाँति आउट सोर्सिंग वेल्फेयर फण्ड भी बनाया जाए। संघ द्वारा अवगत कराना है कि विधायक, सरोजनी नगर, डा0 राजेश्वर सिंह की अनुशंसा के क्रम में प्रभारी अधिकारी(सम्पत्ति) के कार्यालय पत्रांक डी-1140/का0त0/25 दिनांक 27.03.2025 द्वारा ग्राम-खरिका की गाटा संख्या-880 क्षेत्रफल 3700 वर्गमीटर रिक्त बंजर भूमि पार्क हेतु प्रस्तावित की गई है। संघ का अनुरोध है कि उक्त प्रस्तावित पार्क का नामकरण कर्मचारियों के प्रति समर्पित, कर्मचारियों के प्रेरणास्रोत, भूतपूर्व महामन्त्री स्व0 राम अचल जी के नाम ‘‘राम अचल पार्क/राम अचल वाटिका‘‘ के नाम से किया जाए।
संघ के संज्ञान में आया है कि नगर निगम में लिपिको के पटल परिवर्तन के बाद भी दोनों सीट पर कार्य कर रहे हैं, जिससे नयी तैनाती का कार्य प्रभावित हो रहा है तथा कुछ कर्मचाचारी/राजस्व निरीक्षक अपने व्यक्गित लाभ हेतु अपने निजी व्यक्तियों को लगाये हुए हैं। सभी जोनों में गोपनीय अभियान चलाकर अवैध व्यक्तियों को हटाते हुए दोषी कर्मचारियों/अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए।
बैठक में संरक्षक- मोहम्मद हनीफ, अध्यक्ष- राम कुमार रावत, उपाध्यक्ष- बिन्दु सिंह व सच्चिदानन्द उपाध्याय, वरिष्ठमन्त्री-अजय कुमार द्विवेदी, मन्त्री सन्त राम मौर्य व सदस्य कबीर दास आदि उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment