रवि मौर्य
अयोध्या। कांग्रेस कार्यालय के घेराव को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की हरकतों की महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कड़े शब्दों में निंदा की है।
श्री गौतम ने कहा कि जिस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी घेराव कर रही है, उस पर कांग्रेस पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने पहले ही स्पष्ट रूप से बयान का खंडन किया है। इसके बावजूद भाजपा इस विषय को राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि भाजपा महिला मोर्चा बढ़ रहे महिला अपराधों, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर आवाज बुलंद करे, लेकिन भाजपा के पास असली मुद्दों का अभाव हो चुका है। इसलिए वह इस घटना को आपदा में अवसर के रूप में देख रही है।
श्री गौतम ने आगे कहा कि यह वही भारतीय जनता पार्टी है जो लगातार विपक्ष की महिला नेताओं के खिलाफ अपशब्द कहती रही है और आज वही महिला मोर्चा अपशब्दों के लिए घेराव का कार्यक्रम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं लगातार इंडिया गठबंधन की चेयरपर्सन सोनिया गांधी जी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते रहे हैं। कभी संसद के भीतर किसी महिला नेता की तुलना "सूर्पनखा" से की जाती है, तो कभी किसी महिला को "बार बाला" कहकर संबोधित किया जाता है।
कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि भारतीय जनता पार्टी जनता से जुड़े असल मुद्दों पर न तो बात करना चाहती है और न ही उनके समाधान के लिए कोई कदम उठाना चाहती है। यही कारण है कि वह बेबुनियाद और आधारहीन मुद्दों पर राजनीति कर रही है।

Comments
Post a Comment