काका राम चंद्र ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर विभाग और कर्मचारी हित की मंगलकामना की
मनोज
लखनऊ l नगर निगम लखनऊ के केंद्रीय कार्यशाला आर-आर विभाग में आज 17 सितंबर 2025 को भगवान विश्वकर्मा जयंती बड़े धूमधाम और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाई गई। परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी कार्यशाला परिसर स्थित गैरेज नंबर-5 पर वरिष्ठ कर्मचारी काका रामचंद्र जी के संयोजन में पूजा-अर्चना संपन्न हुई।भगवान विश्वकर्मा, जिन्हें सृष्टि का प्रथम शिल्पकार और निर्माण कला का देवता माना जाता है, की पूजा-अर्चना कर कर्मचारियों ने विभाग की उन्नति और सभी कर्मियों की समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना की। इस अवसर पर विभाग के दर्जनों कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से पूजा में भाग लिया और भक्ति भाव से प्रसाद ग्रहण किया। पूजा स्थल पर श्रद्धा और उत्साह का विशेष वातावरण देखने को मिला। विभागीय तरक्की व कर्मचारियों की खुशहाली की कामना की गई साथ ही कर्मचारियों ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जी की कृपा से ही कार्यशाला में नई ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण बना रहता है। इसी प्रेरणा से सभी कर्मचारी नगर निगम की जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करते हैं। उल्लेखनीय है कि नगर निगम लखनऊ केंद्रीय कार्यशाला में विश्वकर्मा जयंती हर साल बड़े हर्षोल्लास और परंपरागत ढंग से मनाई जाती है। इस दिन विभागीय परिवार एकजुट होकर न केवल पूजा करता है बल्कि विभाग और समाजहित के लिए मंगलकामना भी करता है।


Comments
Post a Comment