प्रमुख संवाददाता
नई दिल्ली बिहारी वेल्फेयर सोसाईटी , संसार जनकल्याण एक किरण फाउंडेशन एवं इंद्रा क्लिनिक के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 27 अक्टूबर 2025 को मंडूडी तालाब छठ घाट पर एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का नेतृत्व डॉ. रूबी झा और सोशल गुरु संजय भाई करेंगे।
यह स्वास्थ्य शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और आमजन तक चिकित्सा सुविधाएँ पहुँचाने का एक सराहनीय प्रयास है। शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर टेस्ट, ब्लड टेस्ट, सामान्य रोग परामर्श सहित कई जांचें नि:शुल्क की जाएंगी। साथ ही, मरीजों को आवश्यक दवाएँ और डॉक्टरों की सलाह भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह है कि छठ पूजा जैसे पावन पर्व के अवसर पर श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए स्वच्छता और जागरूकता का संदेश समाज में फैलाएँ। इस पहल से न केवल छठव्रतियों को लाभ मिलेगा, बल्कि ग्रामीण एवं शहरी दोनों वर्गों के लोग स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ सकेंगे।
संसार जनकल्याण एक किरण फाउंडेशन के संस्थापक समाजसेवी जितेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि समाज के हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुँचाना संस्था की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि "स्वस्थ व्यक्ति ही समाज की सच्ची पूंजी है, और इस प्रकार के शिविर समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मकता लाते हैं।"
संस्था ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपने परिवार व पड़ोसियों को भी लाभान्वित करें।
स्वस्थ समाज – समृद्ध राष्ट्र की पहचान।

Comments
Post a Comment