महापौर सुषमा खर्कवाल ने जारी किए निर्देश सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर, सरकारी अस्पतालों को भी सतर्क रहने के आदेश
लखनऊ।नगर निगम लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने शहर में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को विस्तृत पत्र भेजा है। महापौर ने इन अवैध बस्तियों से फैल रहे अपराध, कूड़ा निस्तारण में अनियमितता, गंदगी, फर्जी दस्तावेज़ों के उपयोग तथा खाली मकानों पर कब्ज़े जैसी गतिविधियों को शहर की सुरक्षा और स्वच्छता के लिए खतरा बताया है।
महापौर ने अपने पत्र में कहा है कि केंद्र सरकार भी ऐसे घुसपैठियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी कर रही है। इसी क्रम में नगर निगम को विभिन्न माध्यमों से शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि कई जगहों पर अवैध रूप से बसे लोग सफाई, जल निकासी और कूड़ा प्रबंधन को प्रभावित कर रहे हैं।
उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया है कि शहर के सभी सरकारी और अर्धसरकारी अस्पतालों में ऐसे व्यक्तियों के प्रवेश और गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। महापौर ने यह भी कहा है कि अस्पताल प्रबंधन संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाते हुए यह सुनिश्चित करे कि अवैध बस्तियों से आने वाले किसी भी व्यक्ति का रिकॉर्ड, पहचान और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत संबंधित विभागों को प्रदान किया जाए।
महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी अस्पताल की सीमा पर अवैध रूप से बसे रोहिंग्या/बांग्लादेशी पाए जाते हैं, तो उनकी पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जाए और स्थानीय पुलिस तथा जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी जाए।
महापौर द्वारा जारी यह पत्र नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को मिलकर शहर की स्वच्छता, कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पत्र की प्रति पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी को भी प्रेषित की गई है।

Comments
Post a Comment