शीतलहर में नगर निगम का दोहरा रवैया अधिकारियों के कक्षों में हीटर, कर्मचारियों को ठंड में काम करने की मजबूरी
लखनऊ नगर निगम में भेदभाव का लगा आरोप, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को हीटर न मिलने पर संघ में रोष
शीतलहर में कर्मचारियों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हीटर व्यवस्था न होने पर आंदोलन की चेतावनी
प्रमुख संवाददाता
लखनऊ। राजधानी में जारी भीषण शीतलहर के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। कड़ाके की ठंड से आमजन के साथ-साथ नगर निगम के कर्मचारी भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। लेकिन लखनऊ नगर निगम के अधिकारियों के कार्यालयों में एक दोहरा मापदंड सामने आ रहा है, जो कर्मचारियों में भारी रोष का कारण बन रहा है। मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम के उच्चाधिकारियों के कक्षों में हीटर की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जबकि निगम के चतुर्थ श्रेणी एवं अन्य कर्मचारियों के लिए ठंड से बचाव हेतु किसी प्रकार की हीटर अथवा वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई है। इससे कर्मचारियों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उ०प्र० नगर निगम चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ लखनऊ के महामंत्री जीतेन्द्र सिद्धार्थ ने इस व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि शीतलहर के प्रकोप में कर्मचारियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ही कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच इस तरह का भेदभाव न्यायसंगत नहीं है। महामंत्री ने नगर आयुक्त महोदय से मांग की है कि वर्तमान शीतलहर को देखते हुए तत्काल इस विषय का संज्ञान लिया जाए तथा सभी कर्मचारियों के लिए हीटर एवं अन्य आवश्यक ठंड से बचाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। महामंत्री जितेंद्र ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो कर्मचारी संघ को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
Comments
Post a Comment