मंजुल भारद्वाज
आओ वर्तमान को तबाह कर
अतीत को ठीक करें!
गांधी,नेहरू को छोड़
अतीत की बात करें!
आओ आज विकारवादी
सत्ताधीशों के एजेंडा को स्वीकार कर
अतीत को ठीक करें!
आओ शुरुआत करें
भारत की जनता को
वर्णों में किसने बांटा!
आओ सवाल करें
वर्णों में श्रेष्ठ और शूद्र का
भेद किसने किया ?
आओ वर्तमान में जलती रोशनी को बुझा
पाषाण युग के अंधकार में विचरण करें
आओ पूछें विकारियों से कि
मनुष्य से श्रेष्ठ पशु कैसे बना !
आओ पूंछे इन वर्णवादियों से
कि भारत और भारतीय समाज में
छुआछूत को किसने जन्म दिया ?
आओ अस्त्पलाल छोड़
मंदिर बनाने वालों से पूछें
90 फ़ीसदी आबादी को
किसने शिक्षा से दूर रखा ?
आओ पूछें इन पाखंडियों से
कि हे मां को पूजने वालों
स्त्री कैसे अछूत हो गई ?
बहन की रक्षा करने वालो
स्त्री कैसे कुलटा हो गई ?
स्त्री को देवी मानने वालो
स्त्री अबला,असहाय,पतित
कैसे बन गई ?
आओ सरस्वती को पूजने वालो बताओ
नारी सदियों से आज तक
अज्ञानी, अशिक्षित कैसे रही ?
अन्नपूर्णा को पूजने वालो
नारी भूखी
कुपोषित क्यों रही ?
शक्ति दुर्गा को पूजने वालो
बताओ स्त्री की अस्मिता
क्यों लुटती रही ?
लक्ष्मी को पूजने वालो
स्त्री गरीब,लाचार
बेसहारा क्यों रही ?
आओ वंदे मातरम् का डंका पीटने वालो
बताओ स्त्री भारत में
कैसे गुलाम
पांव की जूती
और सिर्फ़ भोग्या बनी ?
आओ वर्तमान को स्वाह कर
अतीत को ठीक करे लें
बताओ भारत की सीमा
अशोक के शासन काल में
यूनान से लेकर कंबोडिया तक थी
वो कैसे बिखरी ?
आओ विकारियों बताओ
भारत की सिंध नदी के पार
अफगानिस्तान सीमा पर
कब,किसने,कितनी बार
आक्रमणकारियों से लोहा लिया ?
आओ वर्णवादियों बताओ
जयचंद ने किसको बुलाया था?
सोमनाथ मंदिर किसने
और क्यों लुटवाया था ?
सोमनाथ मंदिर को बचाने के लिए
किसने
क्या कुर्बानी दी ?
या
मंदिर की रखवाली का जिम्मा
मंदिर में प्रतिष्ठित मूर्ति पर छोड़ दिया था?
आओ भारत को खंड खंड करने वालो
सारी लड़ाई भारत के भीतर
दिल्ली के आसपास ही
क्यों लड़ी गई ?
आक्रमणकारियों को भारत में घुसने ही
क्यों दिया गया ?
बताओ पाखंडियों
भारत को खंड खंड बांटने वाले
रियासतों के राजा कौन थे?
बोलो वर्णवादियों
वर्णवाद के नाम
सदियों तक अपने ही देशवासियों का
खून पीने वाले कौन थे?
अपने ही देशवासियों को
गुलाम बनाने वाले कौन थे?
अपने ही देशवासियों को
छुआछूत, अंधविश्वास और पाखंडों में
जकड़ने वाले कौन थे?
आओ अतीत का हिसाब दो
क्यों प्रकृति की विविधता को
अस्वीकार कर
असमानता का बीज बो
श्रेष्ठता का विकार पैदा करने वाले
कौन थे ?
बताओ विकारवादियों
तुम्हारी संस्कृति क्या है?
वर्णवाद
छुआछूत
हिंसा ?
आओ भारत के युवाओं
अतीत को ठीक करें
पूछें अतीत के सवाल
कि भारत को गुलाम बनाने वाले
वर्णवादी कौन थे ?
आओ युवाओं
सवाल पूछो कि
अतीत तुम्हारा रोज़गार कैसे खा गया ?
आओ युवाओं सवाल पूछें
तुम्हारे हिस्से की शिक्षा
कहां चली गई ?
आओ युवा सवाल पूछो
आपकी बहन,बेटी की
अस्मत तिलकधारी
क्यों लुट रहे हैं?
आओ युवा सवाल पूछें
महंगाई क्यों है?
आओ युवा सवाल पूछें
देश क्यों बिक गया?
आओ युवा सवाल पूछें
सुरक्षित हाथों में देश होते हुए
बहनों का सिंदूर
कैसे लुट गया ?
आओ युवा सवाल पूछें
ट्रंप 140 करोड़ देशवासियों का
हर रोज़ क्यों अपमान कर रहा है
और देश का शासक मौन है?
आओ युवाओं
वर्तमान को जला
अतीत को रोशन करें
विकारवादियों से
सवाल पूछें!
Comments
Post a Comment