रामनाम के जयघोष से गूंज उठी रामनगरी
अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से 1008 श्रद्धालुओं का विशाल जत्था पहुंचा अयोध्या, रामनाम के जयघोष से गूंज उठी रामनगरी, हर तरफ भक्ति का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला।
पिछले तीन वर्षों से लगातार छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु, प्रवीण झा के नेतृत्व में भगवान श्रीराम के दर्शन करने अयोध्या पहुंच रहे हैं।
इस वर्ष भी चैत्र रामनवमी के पावन अवसर पर 1008 श्रद्धालुओं का भव्य जत्था अयोध्या पहुंचा, जहां ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन, झांकियों और जय श्रीराम के गगनभेदी नारों से पूरी रामनगरी भक्तिमय हो उठी।
यह यात्रा सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है।
प्रवीण झा द्वारा हर वर्ष श्रद्धालुओं को निशुल्क अयोध्या धाम की यात्रा कराई जाती है।
श्रद्धालुओं ने भावुक होकर बताया कि बिना किसी शुल्क के इतनी पवित्र यात्रा कराना अपने आप में बहुत बड़ा पुण्य कार्य है, और यही कारण है कि हर साल हजारों लोग इस यात्रा में शामिल होने के लिए उत्सुक रहते हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रवीण झा ने कहा
हर वर्ष चैत्र रामनवमी के अवसर पर हम भगवान श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ बिलासपुर से श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या आते हैं।
हमारा संकल्प है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रभु श्रीराम के दर्शन कराएं।
पिछले तीन वर्षों से यह यात्रा लगातार चल रही है और आगे भी इसी तरह अनवरत चलती रहेगी।
अयोध्या पहुंचे श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और भावुकता देखने को मिली।
कई श्रद्धालु दर्शन के बाद भाव विभोर हो उठे और बोले
आज जीवन धन्य हो गया, ऐसा लग रहा है जैसे स्वयं प्रभु श्रीराम के साक्षात दर्शन हो गए हों।
भजन-कीर्तन, झांकियों और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ छत्तीसगढ़ से आया यह विशाल जत्था श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर प्रभु से सुख-समृद्धि की कामना की।
पूरी अयोध्या नगरी एक बार फिर राममय हो उठी,
हर तरफ भक्ति, श्रद्धा और आनंद का अद्भुत संगम देखने को मिला,
और रामनगरी भक्तों के जयघोष से गूंजती रही।


Comments
Post a Comment