अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर रिकाबगंज बल्लाहाता स्थित प्राचीन दुर्गा माता मंदिर में नवमी के दिन श्रद्धा और भक्ति का भव्य संगम देखने को मिला। यहां परंपरागत रूप से 51 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया, जिसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ।
मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कन्या पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनके चरण धोए, चुनरी ओढ़ाई और प्रसाद अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर की सर्वराकार शैल तिवारी ने बताया कि इस मंदिर में पिछले लगभग 100 वर्षों से लगातार नवमी के दिन कन्या पूजन और विशाल भंडारे की परंपरा चली आ रही है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है, जिसमें हर वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
भंडारे की विशेष सहयोगी श्रद्धा तिवारी ने जानकारी दी कि यह विशाल भंडारा देर रात लगभग 11:00 बजे तक चलता है, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।
इस अवसर पर पूजा अवस्थी, शरद अवस्थी, काव्या, सुभाष सिंह, भीम सिंह एवं सूरज गुप्ता सहित कई श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा। सभी ने मिलकर भंडारे की व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया।

Comments
Post a Comment