कागजात न देने पर 10 दिन में खाली करने की चेतावनी, स्थानीय लोगों में नाराजगी
रिपोर्ट रवि मौर्य
अयोध्या। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। नाका क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक मकान और दुकानें इस परियोजना की जद में आ गई हैं, जिन पर विभाग ने नोटिस चस्पा कर दिया है।पीडब्ल्यूडी ने प्रभावित मकान मालिकों को 10 दिन के भीतर अपने मालिकाना हक के कागजात प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। तय समय सीमा में दस्तावेज न देने पर मकान और दुकानों को खाली कराने की चेतावनी दी गई है।
बताया जा रहा है कि योगी सरकार 14 कोसी और पंचकोशी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण की योजना पर काम कर रही है, जिसके तहत यह कार्रवाई की जा रही है। हालांकि नोटिस के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है और विरोध प्रदर्शन भी शुरू हो गया है।
प्रभावित लोगों का कहना है कि पहले 13 मीटर चौड़ीकरण का प्रस्ताव तय था, उसी को लागू किया जाए। उनका दावा है कि वे पिछले 100 वर्षों से अधिक समय से यहां रह रहे हैं और सरकार उन्हें बेदखल न करे।स्थानीय निवासियों ने सरकार से मांग की है कि पुनर्वास या उचित समाधान के बिना उनके मकान न गिराए जाएं।

Comments
Post a Comment