अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। नगर निगम अयोध्या जहां एक ओर शहर में विकास के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, वहीं उसरू स्थित मनोहर नगर की जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। क्षेत्र के मुख्य रास्ते पर भारी जलभराव के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सड़कों पर घुटनों तक भरे पानी ने लोगों की आवाजाही को कठिन बना दिया है।
स्थानीय निवासियों को घर से बाहर निकलने के लिए जलमग्न रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें रोजाना इसी पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है। कई स्थानों पर फिसलन और गंदगी के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
मनोहर नगर की नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं, जिससे जल निकासी की व्यवस्था ठप पड़ी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम में शिकायतें दर्ज कराई हैं और प्रार्थना पत्र भी दिए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
जलभराव के चलते इलाके में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है। मच्छरों की बढ़ती संख्या से डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों की आशंका बनी हुई है, जिससे लोग दहशत में हैं।
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि अविलंब नालियों की सफाई कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए और सड़कों की मरम्मत कराई जाए, ताकि उन्हें इस समस्या से निजात मिल सके।

Comments
Post a Comment