जनसरोकारों से जुड़े कई मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने सवाल खड़े किए
अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या।समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने सिविल लाइन स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जनसरोकारों से जुड़े कई मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि शादी-विवाह के सीजन में घरेलू गैस सिलेंडर की भारी किल्लत देखी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही, जबकि बाजार में सिलेंडर खुलेआम ब्लैक में दुगने-तिगुने दामों पर बेचे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति आम जनता के लिए बेहद परेशानी का कारण बन गई है, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रही है।
उन्होंने स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भी प्रदेश सरकार को घेरा। सांसद ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अब तक लगभग 76 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, लेकिन इनसे उपभोक्ताओं को राहत मिलने के बजाय बिजली बिल में अनावश्यक बढ़ोतरी हो रही है। उनका कहना था कि जहां पहले उपभोक्ताओं का बिजली बिल करीब 1000 रुपये आता था, वही अब बढ़कर 1500 से 2000 रुपये तक पहुंच रहा है। उन्होंने इसे आम जनता पर आर्थिक बोझ बताते हुए सरकार से सभी स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं से जो अतिरिक्त धनराशि वसूली गई है, उसे वापस किया जाना चाहिए। इससे आम लोगों के साथ किसानों को भी बड़ा नुक्सान हो रहा है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर बोलते हुए अवधेश प्रसाद ने इसे “राजनीतिक खेल” करार दिया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही वर्ष 2023 में पारित हो चुका है, ऐसे में इसे बार-बार उठाना केवल जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार असल मुद्दों, खासकर जाति जनगणना जैसे विषयों से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केशव मौर्य पहले अपना राजनीतिक स्थान स्पष्ट करें और यह भी आरोप लगाया कि वे चुनाव हारने के बावजूद पार्टी की कृपा से उपमुख्यमंत्री बने हुए हैं।
अंत में सांसद अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और भारतीय जनता पार्टी सत्ता से बाहर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले समय में इसका परिणाम स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।
इस दौरान की निवर्तमान जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे पवन व वरिष्ठ समाजवादी नेता छोटे लाल यादव मौजूद रहे।

Comments
Post a Comment