अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। महाकुंभ के दौरान उत्कृष्ट पुलिसिंग और भीड़ प्रबंधन के लिए कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक अश्विनी पाण्डेय को सम्मानित किया गया। उन्हें एडीजी जोन प्रवीण कुमार ने अयोध्या-गोरखपुर हाईवे स्थित एक होटल में आयोजित समारोह में सम्मानित किया। बताया गया कि 13 जनवरी 2025 पौष पूर्णिमा से शुरू होकर 26 फरवरी 2025 महाशिवरात्रि तक चले महाकुंभ मेले में अपेक्षा से कहीं अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी थी। इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। ऐसे हालात में प्रभारी निरीक्षक अश्विनी पाण्डेय ने अपनी टीम के साथ मिलकर भीड़ को नियंत्रित करते हुए व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।
उनके नेतृत्व में अयोध्या आए श्रद्धालुओं को नगर क्षेत्र में सुरक्षित व व्यवस्थित ढंग से आवागमन में महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनकी कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा की अधिकारियों के साथ-साथ आम जनता ने भी सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने 6 वर्ष से लापता एक बच्चे को सकुशल बरामदगी के साथ कई घटनाओं का समय से खुलासा किया। इस सराहनीय कार्य के साथ कई अन्य कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित किया जाना न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरी पुलिस टीम के मनोबल को बढ़ाने वाला कदम भी माना जा रहा है।

Comments
Post a Comment