Skip to main content

गंभीर मरीज को सरकारी एंबुलेंस ने समय पर पहुंचाया मेडिकल कॉलेज, स्टाफ की सराहना

अयोध्या से रवि मौर्य

अयोध्या। जिले में सरकारी एंबुलेंस सेवा एक बार फिर गंभीर मरीज के लिए जीवनदायिनी साबित हुई। शहर के कश्मीरी मोहल्ला निवासी 46 वर्षीय नूरजहां की हालत अचानक बिगड़ने पर उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए राजा दशरथ मेडिकल कॉलेज, दर्शन नगर रेफर कर दिया।

मरीज की नाजुक स्थिति को देखते हुए तत्काल सरकारी एंबुलेंस यूपी 32 एफजी 0539 को रवाना किया गया। एंबुलेंस चालक दिलीप कुमार, ईएमटी सर्वेश कुमार मिश्रा तथा सहयोगी स्टाफ अनिल, दीपक अस्थाना और अजय सिंह ने पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ मरीज को मेडिकल कॉलेज तक सुरक्षित पहुंचाया। रास्ते भर टीम लगातार मरीज की स्थिति पर नजर बनाए रही और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराती रही।

समय रहते मेडिकल कॉलेज पहुंचाए जाने से मरीज को तत्काल विशेषज्ञ उपचार मिल सका।  

मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर मौजूद लोगों ने भी एंबुलेंस स्टाफ की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में सरकारी एंबुलेंस सेवाएं आम जनता के लिए बड़ी राहत हैं। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि सही समय पर त्वरित चिकित्सा सहायता और जिम्मेदार सेवा कई बार मरीज के लिए नई उम्मीद बन जाती है।

Comments