अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। यूरिया खाद की कालाबाजारी, टैगिंग और किसानों से की जा रही अतिरिक्त वसूली के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने आंदोलन की चेतावनी दी है। संगठन ने समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को जिला प्रशासन को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रवीण यादव को सौंपा। साथ ही जिला कृषि अधिकारी को भी ज्ञापन की प्रति देकर कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में यूरिया खाद की थोक दर घोषित करने, कालाबाजारी और टैगिंग पर रोक लगाने, उच्च गुणवत्ता एवं शुगर फ्री धान बीज उपलब्ध कराने, खाद पर लिए जा रहे कमीशन और सीजनवार वसूली बंद करने तथा फार्मर रजिस्ट्री में छूटे किसानों के लिए अलग से यूरिया उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
राष्ट्रीय महासचिव घनश्याम वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा यूरिया की फुटकर कीमत 266 रुपये 50 पैसे निर्धारित होने के बावजूद किसानों को 300 से 400 रुपये प्रति बोरी तक खाद बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि थोक बिक्री की दर तय न होने के कारण थोक विक्रेता फुटकर दुकानदारों को भी अधिक कीमत पर खाद बेच रहे हैं, जिसका सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि 31 मई 2026 तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 1 जून 2026 को जिला कृषि अधिकारी कार्यालय पर किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष राम गणेश मौर्य, जिला प्रसार मंत्री रविंद्र मौर्य, विवेक पटेल और मुन्ना कनौजिया समेत कई किसान नेता मौजूद रहे।


Comments
Post a Comment