प्रमुख संवाददाता
लखनऊ विश्वप्रसिद्ध आध्यात्मिक एवं मानवीय मूल्यों के प्रेरणास्रोत गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी के 70वें जन्मोत्सव को लेकर लखनऊ में उत्साह, भक्ति और सेवा का विशेष वातावरण है। द आर्ट ऑफ लिविंग, लखनऊ चैप्टर द्वारा 13 मई 2026 को आयोजित होने वाले इस विशेष उत्सव में हजारों लोग ध्यान, भजन, सेवा और आनंद के साथ सहभागिता करेंगे।
यह आयोजन देश और विश्वभर में मनाए जा रहे गुरुदेव के 70वें जन्मोत्सव का हिस्सा है। गुरुदेव ने अपने ज्ञान, ध्यान और मानवीय मूल्यों के माध्यम से 180 से अधिक देशों में करोड़ों लोगों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है। लखनऊ में यह उत्सव आध्यात्मिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और सेवा गतिविधियों के माध्यम से मनाया जा रहा है।
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवकों द्वारा कल सफलतापूर्वक हेलमेट वितरण अभियान आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और सुरक्षित वाहन चलाने के लिए लोगों को प्रेरित करना था। इस सेवा अभियान को नागरिकों का उत्साहपूर्ण सहयोग मिला। आयोजकों ने कहा कि गुरुदेव का संदेश केवल आध्यात्मिकता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और मानव जीवन के प्रति जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
13 मई की सुबह रघुबर कृपा हॉल, सीतापुर रोड, लखनऊ में प्रातः 7:00 बजे एक विशेष महाक्रिया सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें विस्तारित सुदर्शन क्रिया कराई जाएगी। सुदर्शन क्रिया को गुरुदेव का मानवता को दिया गया एक अमूल्य उपहार माना जाता है। यह एक विशेष श्वास तकनीक है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक स्तर पर संचित तनाव को दूर करने में सहायक मानी जाती है। विश्वभर में हुए अनेक वैज्ञानिक अध्ययनों में इसके स्वास्थ्य एवं मानसिक संतुलन पर सकारात्मक प्रभावों को भी स्वीकार किया गया है।
आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ शिक्षकों और आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन केवल जन्मदिन मनाने का अवसर नहीं, बल्कि गुरुदेव के “तनावमुक्त और हिंसामुक्त समाज” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा, “गुरुदेव ने ध्यान, सेवा और ज्ञान के माध्यम से लाखों लोगों को प्रेरित किया है। उनका 70वां जन्मोत्सव समाज को एक साथ जोड़ने और सकारात्मकता फैलाने का अवसर है।”
उसी दिन शाम 6:00 बजे से गांधी भवन, कैसरबाग, लखनऊ में भव्य सांस्कृतिक एवं भक्ति संध्या “तेरा मैं” का आयोजन होगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायिका चित्रा रॉय अपनी मधुर और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगी। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सत्संग के दौरान गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी द्वारा लाइव मेडिटेशन होगा, जिसमें उपस्थित लोग सामूहिक ध्यान और गहन शांति का अनुभव कर सकेंगे।
यह आयोजन Gift A Smile परियोजना को भी समर्थन देगा, जिसके अंतर्गत द आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा ग्रामीण और वंचित बच्चों के लिए निःशुल्क विद्यालय संचालित किए जाते हैं। कार्यक्रम से प्राप्त सहयोग और योगदान इन बच्चों की शिक्षा, पोषण और समग्र विकास में सहायक होगा।
लखनऊ के आर्ट ऑफ लिविंग स्वयंसेवक पिछले कई दिनों से इस आयोजन की तैयारियों में उत्साहपूर्वक जुटे हुए हैं। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से परिवारों, युवाओं, प्रोफेशनल्स और आध्यात्मिक साधकों की बड़ी भागीदारी अपेक्षित है।
आयोजकों ने शहरवासियों से इस विशेष उत्सव में सम्मिलित होकर ध्यान, भक्ति, सेवा और आनंद के इस अद्भुत वातावरण का अनुभव करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा, “यह केवल जन्मोत्सव नहीं, बल्कि मानव मूल्यों, सेवा, ध्यान और सामूहिक खुशी का उत्सव है।”

Comments
Post a Comment