अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। जिला अस्पताल में गुरुवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत संविदा डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने वेतन भुगतान में देरी को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है, जिससे आर्थिक और पारिवारिक समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
संविदा कर्मचारियों ने जिला अस्पताल के एमरजेंसी के सामने एकत्र होकर नाराजगी जताई और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि वे नियमित रूप से अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं, इसके बावजूद समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है।
कर्मचारियों ने बताया कि अस्पताल में 50 से अधिक संविदा डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ कार्यरत हैं। उनका कहना है कि वेतन के अलावा उन्हें किसी प्रकार की अतिरिक्त सुविधा भी उपलब्ध नहीं कराई जाती है। ऐसे में लगातार वेतन रुकने से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बकाया वेतन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में डॉक्टर पल्लवी श्रीवास्तव, डॉक्टर वीरेंद्र वर्मा, डॉक्टर आशुतोष प्रताप सिंह, डॉक्टर आशीष पाठक,पंकज कुमार सहित अन्य पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।

Comments
Post a Comment