रंगमंच कलाकार डॉ. सीमा मोदी का ऐतिहासिक मेरठ नौचंदी महोत्सव में बजा डंका, प्रेमचंद की 'मां' ने जीता दिल
सृजन शक्ति वेलफेयर सोसाइटी (लखनऊ) की नाट्य प्रस्तुति ने बांधा समां, दर्शकों की आँखें हुईं नम
स्वतंत्रता आंदोलन और नारी सशक्तीकरण (मिशन शक्ति) पर केंद्रित रहा संगीतमय नाटक
लखनऊ l ऐतिहासिक मेरठ नौचंदी महोत्सव के मुख्य सांस्कृतिक मंच पर कल रात लखनऊ की प्रतिष्ठित संस्था 'सृजन शक्ति वेलफेयर सोसाइटी' द्वारा कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की कालजयी और मार्मिक कहानी 'मां' का भव्य संगीतमय नाट्य मंचन किया गया। इस प्रस्तुति ने न केवल मेरठ के जनसमूह को भावविभोर कर दिया, बल्कि लखनऊ की समृद्ध रंगमंच परंपरा का भी लोहा मनवाया। देशभक्ति और नारी सशक्तीकरण (मिशन शक्ति) के संदेश से ओतप्रोत इस नाटक को देखकर दर्शक अपने आंसू नहीं रोक पाए।
देशप्रेम के आगे बौना साबित हुआ पुत्र मोह
वरिष्ठ लेख्क के. के. अग्रवाल द्वारा नाट्यरूपान्तरित और वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. सीमा मोदी द्वारा निर्देशित यह नाटक पूरी तरह से राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च बलिदान की कहानी है। नाटक में दिखाया गया कि किस तरह एक भारतीय नारी, सावित्री, देश के प्रति अपनी निष्ठा और अपने स्वतंत्रता सेनानी पति को दिए वचन को निभाने के लिए अपने पुत्र प्रेम का बलिदान कर देती है। यह प्रस्तुति 'मिशन शक्ति' के संकल्प को दोहराते हुए नारी शक्ति की दृढ़ता को रेखांकित करती है।
अभिनय और निर्देशन की सराहना की l डॉ. सीमा मोदी की सशक्त भूमिका: मुख्य किरदार 'सावित्री' के रूप में डॉ. सीमा मोदी ने मंच पर उतरकर एक मां की ममता और एक देशप्रेमी की दृढ़ता के बीच के संघर्ष को जीवंत कर दिया। उनके अभिनय और संवाद अदायगी ने पंडाल में मौजूद हर व्यक्ति को स्तब्ध कर दिया। प्रमुख कलाकार: क्रांतिकारी के किरदार में नवनीत मिश्रा ने दमदार प्रस्तुति दी। उनके साथ सिद्धार्थ मौर्या, शिवम और आरती सहित अन्य सह-कलाकारों
वैदिक रुहेला, आहान ,शुभ ,विराज चौहान,इशिका चौहान,गीता रुहेला, दीपिका,साहिबा,अंजुम ,मीनाक्षी ने स्वतंत्रता संग्राम के दौर को मंच पर सजीव कर दिया। कुशल नेपथ्य
प्रस्तुति को भव्य बनाने में विनायक तिवारी के भावपूर्ण संगीत, अभिषेक शर्मा के यथार्थवादी सेट और आशीष पांडे की मंच सामग्री (प्रॉपर्टी) का विशेष योगदान रहा।
समापन पर, नौचंदी महोत्सव समिति और दर्शकों ने खड़े होकर (स्टैंडिंग ओवेशन) लखनऊ से आई पूरी टीम का अभिनंदन किया। प्रेषक/सम्पर्क: मीडिया सेल, सृजन शक्ति वेलफेयर सोसाइटी, लखनऊ।



Comments
Post a Comment