अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद अयोध्या में संचालित विभिन्न भूमि अधिग्रहण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-227बी 84 कोसी परिक्रमा मार्ग से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने प्रतिकर वितरण में आ रही समस्याओं के समाधान हेतु सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन ग्रामों में भूस्वामियों के अंश निर्धारण लंबित हैं, उनका तत्काल निस्तारण कर आख्या विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए, ताकि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि के पुनर्ग्रहण से संबंधित पत्रावलियों को शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश अधिशासी अभियन्ता, लोक निर्माण विभाग को दिए। साथ ही, एनएच-227बी पैकेज-2 के अंतर्गत आने वाले पेड़ों की कटान की कार्यवाही को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने विशेष रूप से चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित अन्य परियोजनाओं की भी समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं को त्वरित गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी नगर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, समस्त उपजिलाधिकारी, परियोजना निदेशक एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment