अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या।जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान तथा निराश्रित गोवंशों से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों से स्वच्छता सर्वेक्षण की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि जनपद की रैंकिंग में सुधार हेतु विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाए तथा नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में वेस्ट मैनेजमेंट एवं अपशिष्ट प्रबंधन के उपायों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से एफआरएफ (फैसिलिटी रिकवरी सेंटर) की स्थिति एवं संचालन की जानकारी ली। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बड़े वाहनों के साथ-साथ संकरी गलियों में कूड़ा संग्रहण हेतु छोटे वाहनों की उपलब्धता एवं संचालन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र से नियमित रूप से कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।
बैठक में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण एवं प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। साथ ही वाहनों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों को निर्देश दिया कि तालाबों की नीलामी करते हुए अधिक से अधिक पट्टे किए जाए। दुकानों की भी रेट लिस्ट अद्यतन रखी जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त नवीन, अपर जिलाधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य विक्रम अग्रवाल, ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट अम्बेडकर नगर थानीगई अरसन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment