अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। परिक्रमा मार्ग उदया तिराहे के पास, हनुमान मंदिर के सामने भारी मात्रा में कूड़ा डंप किए जाने से स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और मंदिर आने-जाने वाले भक्तों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में फैली गंदगी और दुर्गंध के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा महामारी फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
इस गंभीर समस्या को लेकर अयोध्या के संत समाज से जुड़े महंत संत दास राजेश सिंह मानव ने नगर आयुक्त को प्रार्थना पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से कूड़ा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था नहीं दिखाई दे रही है। शहर के एमआरएफ प्लांट खराब अथवा बंद पड़े हैं, जिसके चलते कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
महंत संत दास राजेश सिंह मानव ने कहा कि मंदिर के सामने कूड़े का ढेर लगना न केवल धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से अनुचित है, बल्कि यह जनस्वास्थ्य के लिए भी बड़ा खतरा है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में संक्रामक रोगों और महामारी का खतरा बढ़ सकता है।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़े एमआरएफ प्लांटों को तत्काल चालू कराया जाए, कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तथा परिक्रमा मार्ग और धार्मिक स्थलों के आसपास स्वच्छता सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को राहत मिल सके।
"स्वच्छ अयोध्या, स्वस्थ अयोध्या" के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम को कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुधारना होगा।

Comments
Post a Comment