अयोध्या से रवि मौर्य की रिपोर्ट
अयोध्या।जनपद में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए नजूल भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटवा दिया। यह कार्रवाई कोतवाली नगर क्षेत्र के पुष्पराज चौराहे के निकट की गई, जहां लंबे समय से सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण और कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार करीब पखवाड़े भर पहले संबंधित कब्जाधारकों को शख्त हिदायत देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। चेतावनी के बावजूद कब्जा न हटाए जाने पर जिला प्रशासन और नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर बुलडोजर की सहायता से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
नगर निगम के प्रवर्तन अधिकारियों ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी नजूल संपत्ति है और उस पर किसी प्रकार का निजी कब्जा वैधानिक रूप से स्वीकार्य नहीं है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया।
जिला प्रशासन का कहना है कि खाली कराई गई भूमि का उपयोग भविष्य में विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों के लिए किया जाएगा। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Comments
Post a Comment