10 सूत्रीय मांगों को लेकर उ.प्र. स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ का आंदोलन तेज, प्रदेशव्यापी दौरे का ऐलान
मांगें पूरी न होने पर चुनाव में 'वोट पर चोट' की चेतावनी, गाजियाबाद में हुई प्रदेश स्तरीय बैठक
प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ ने अकेन्द्रीयित सेवा नियमावली, वेतन विसंगति, पदोन्नति सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अपने आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शशि कुमार मिश्र ने पत्र जारी कर प्रदेश के सभी नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत एवं जलकल कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की है।
महासंघ का आरोप है कि वर्ष 2017 से अब तक सैकड़ों ज्ञापन, बैठकों और आंदोलनों के बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। संगठन की प्रमुख मांगों में अकेन्द्रीयित सेवा नियमावली लागू करना, वर्ष 2001 तक के दैनिक वेतनभोगी, संविदा एवं सफाई कर्मियों का विनियमितीकरण , छठे वेतन आयोग के बाद उत्पन्न वेतन विसंगतियों का निस्तारण, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, पुरानी पेंशन योजना की बहाली तथा मृतक आश्रितों की नियुक्ति शामिल हैं। महासंघ ने 20 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक गाजियाबाद, सहारनपुर, अलीगढ़, मथुरा, बरेली, मेरठ सहित प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों में दौरा एवं बैठकों का कार्यक्रम घोषित किया है। इसी क्रम में गुरुवार को गाजियाबाद में आयोजित बैठक में प्रदेश महामंत्री रमाकांत मिश्रा और प्रदेश प्रवक्ता मुन्ना हजारिया ने कर्मचारियों की 10 सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में प्रदेश सरकार और शासन को चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि समय रहते कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं की गईं तो आगामी ग्राम पंचायत से लेकर लोकसभा चुनाव तक कर्मचारी एकजुट होकर सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से "वोट पर चोट" का अभियान चलाएंगे। साथ ही सभी इकाइयों से संगठन को मजबूत बनाने के लिए आर्थिक सहयोग करने की भी अपील की गई।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष शशि कुमार मिश्र, प्रदेश महामंत्री रमाकांत मिश्रा, प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष राकेश अग्निहोत्री, प्रदेश प्रवक्ता मुन्ना हजारिया, रामकुमार रावत, शैलेंद्र तिवारी, विजय यादव, सपन सिंह, मिशन पाल सिंह, चालक संघ के अध्यक्ष सलीम अब्बासी, संजय शर्मा, जयदेव कौशिक, प्रदीप शर्मा, महक सिंह, राम सिंह पटेल, भगवत शरण, राजेंद्र सिंह, प्रदीप राणा, गाजियाबाद के अध्यक्ष एवं महामंत्री जावेद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्रदेश संगठन मंत्री कुलदीप शर्मा ने किया।


Comments
Post a Comment