रवि मौर्य
अयोध्या। प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण अभियान के तहत रविवार को बेसिक शिक्षा विभाग, अयोध्या द्वारा व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभाग को कुल 14 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसे निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचन्द्र ने कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही जनपद के सभी विकासखंडों के संसाधन केंद्रों एवं परिषदीय विद्यालयों में खंड शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए।
अभियान के दौरान लगाए गए पौधों की फोटोग्राफ हरीतिमा एप पर जियोटैग कर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार दोपहर 1 बजे तक जनपद के परिषदीय विद्यालयों में 14 हजार पौधों के लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत वृक्षारोपण कार्य पूर्ण कर लिया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के संकल्प को दोहराया।


Comments
Post a Comment