प्रितपाल सिह
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बैकुंठ धाम स्थित गोमती नदी के तट पर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल की जा रही है। संत सोमवारी महाराज सेवा संस्थान द्वारा "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत 200 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। इस अभियान का उद्देश्य गोमती नदी के तट को अधिक हरित बनाना, स्वच्छ पर्यावरण को बढ़ावा देना तथा लोगों में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। संस्थान से जुड़े सूत्रों के अनुसार अभियान के तहत छायादार, फलदार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की भी जिम्मेदारी संस्थान द्वारा निभाई जाएगी, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।
संस्थान के पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के लिए आगे आना चाहिए। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने का एक जनआंदोलन है।
उन्होंने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं स्वयंसेवकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में हरियाली का दायरा तेजी से बढ़ सकता है। संत सोमवारी महाराज सेवा संस्थान का यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और गोमती नदी के तट को स्वच्छ एवं हरित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने का भरोसा जताया है।

Good 👍
ReplyDelete