20 अगस्त को होगा भव्य सांस्कृतिक आयोजन
प्रमुख संवाददाता
अयोध्या। सिंधी समाज की अग्रणी संस्था सिंधु सेवा समिति (रजि.) के तत्वावधान में आयोजित होने वाले 74वें प्रभु झूलेलाल चालीहा महोत्सव को लेकर संत आसूदाराम धाम, गुरुनानकपुरा में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया तथा कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री अमृत राजपाल ने की, जबकि संचालन महासचिव नरेंद्र क्षेत्रपाल ने किया। अध्यक्ष अमृत राजपाल ने कहा कि 12 जुलाई से 21 अगस्त तक चलने वाला 40 दिवसीय चालीहा महोत्सव पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। संत नवल राम दरबार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर प्रभु झूलेलाल का पूजन-अर्चन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 20 अगस्त को कोहिनूर पैलेस में “एक शाम प्रभु झूलेलाल के नाम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
सिंधी सेंट्रल पंचायत शहर के मुखिया पवन जीवानी ने कहा कि 21 अगस्त को पूज्य बहिराणा साहिब शोभायात्रा पूरे हर्षोल्लास के साथ निकाली जाएगी। नगर भ्रमण के बाद शोभायात्रा गुप्तार घाट पहुंचेगी, जहां भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
महामंत्री नरेंद्र क्षेत्रपाल ने बताया कि झांकी समिति का प्रभारी पुरुषोत्तम दासवानी ‘बंटी’ को बनाया गया है। वहीं शोभायात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष सुरक्षा दल का गठन किया गया है, जिसमें दीपक आहूजा को संयोजक, मनीष मंध्यान को प्रभारी तथा सौरभ लखमानी को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बैठक में सिंधी समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए समाज के लोगों से अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की।

Comments
Post a Comment