रिपोर्ट ब्यूरो रवि मौर्य
अयोध्या। सिंधी समाज की अग्रणी संस्था सिंधु सेवा समिति (रजि.) द्वारा आयोजित होने वाले 74वें प्रभु झूलेलाल महोत्सव को भव्य, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए समिति के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार से मुलाकात कर विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। बैठक में शोभायात्रा मार्ग, सफाई व्यवस्था, चौक सजावट तथा विसर्जन स्थल को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
संस्था के अध्यक्ष राजपाल ने बताया कि नगर निगम का सहयोग हर वर्ष महोत्सव को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी शोभायात्रा मार्ग की मरम्मत, प्रमुख चौकों की सजावट, साफ-सफाई तथा विसर्जन स्थल पर मिट्टी पटाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराने के लिए नगर आयुक्त से अनुरोध किया गया है।
संस्था के मंत्री पुरुषोत्तम दासवानी ने बताया कि महोत्सव की तैयारियों को लेकर नगर निगम के अधिकारी शीघ्र ही रामनगर सहित पूरे शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर को भी पत्र सौंपा गया है तथा जल्द ही पुलिस अधीक्षक नगर के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने समिति को आश्वस्त करते हुए कहा कि 74वें प्रभु झूलेलाल महोत्सव को पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक सुव्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों की अलग-अलग टीमें गठित कर आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराई जाएंगी।
बैठक में सिंधु सेवा समिति के अध्यक्ष अमृत राजपाल, महामंत्री नरेंद्र क्षेत्रपाल, उपाध्यक्ष जय प्रकाश क्षेत्रपाल, मंध्यान, मंत्री पुरुषोत्तम दासवानी सहित समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। महोत्सव की तैयारियों को लेकर समिति एवं नगर निगम के बीच सकारात्मक चर्चा हुई तथा सभी ने आयोजन को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

Comments
Post a Comment