फिरोज खान गब्बर ने शिक्षण संस्थानों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया
रवि मौर्य
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिवस सप्ताह के अवसर पर बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी फिरोज खान गब्बर ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देने के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताया।
अभियान के दौरान रौनाही स्थित ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल, कटरौली के यदुवंशी इंटर कॉलेज, खेमकरन के गौतम बुद्ध पब्लिक स्कूल, सरियावां के डॉ. कमलेश स्मारक इंटर कॉलेज तथा नरसिंहपुर सिडहिर के केएलपी इंटर कॉलेज में पौधरोपण किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष अजय कुमार वर्मा राजू सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई, ताकि हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के साथ प्रकृति संरक्षण के अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।

Comments
Post a Comment