अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। नवागत उपजिलाधिकारी सदर आनंद कुमार तिवारी ने बुधवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने तहसील सदर परिसर का निरीक्षण किया और विभिन्न कार्यालयों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम आनंद कुमार तिवारी ने प्रत्येक कार्यालय में जाकर कर्मचारियों से बातचीत की तथा लंबित मामलों और कार्यालयी कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर आने वाले शिकायतकर्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम ने कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव तथा जनसुनवाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार गौरी शंकर वर्मा, नायब तहसीलदार स्नेहिल वर्मा, लेखपाल संघ के अध्यक्ष सौरभ पांडे सहित तहसील के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment