एमआरएफ केंद्र का भ्रमण कर जाना कचरा पृथक्करण और पुनर्चक्रण का महत्व
रिपोर्ट ब्यूरो रवि मौर्य
अयोध्या। विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से शनिवार को कुशमाहा स्थित एमआरएफ केंद्र में वेस्ट-टू-आर्ट प्रतियोगिता एवं एमआरएफ एक्सपोज़र विजिट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अयोध्या नगर निगम, सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एजुकेशन (सीईई) और लेंडिंग हैंड्स फाउंडेशन (एलएचएफ) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। इसमें फैजाबाद जीनियस इंटर कॉलेज के 60 विद्यार्थियों, 10 शिक्षकों तथा विद्यालय के प्राचार्य ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट एक्जीक्यूटिव विनीत कुमार ने विद्यार्थियों को एमआरएफ स्वच्छ केंद्र की कार्यप्रणाली और वहां स्थापित मशीनों की जानकारी दी। प्रोजेक्ट मैनेजर दानिश ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के विभिन्न प्रकार तथा स्रोत स्तर पर गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने केंद्र का भ्रमण कर कचरे की छंटाई, पृथक्करण और पुनर्चक्रण की पूरी प्रक्रिया को नजदीक से देखा।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त भारत कुमार, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अकील अहमद तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राकेश कुमार वर्मा भी मौजूद रहे। अपर नगर आयुक्त भारत कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ और सतत शहर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन को पृथक-पृथक कचरा ही सौंपने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने पुनर्चक्रण योग्य सामग्री से आकर्षक एवं उपयोगी कलाकृतियां तैयार कर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। नगर निगम अधिकारियों ने इनका मूल्यांकन किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन समूहों को पुरस्कार प्रदान किए। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, पुनर्चक्रण, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण तथा सतत अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वच्छ एवं कचरा-मुक्त अयोध्या के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।


Comments
Post a Comment