अयोध्या से रवि मौर्य
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में एक नया विवाद सामने आया है। राजेश सिंह 'मानव' उर्फ महंथ संतदास ने थाना रामजन्मभूमि में प्रार्थना पत्र देकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चम्पत राय तथा अन्य संबंधित लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि एक समाचार चैनल को दिए गए साक्षात्कार में चम्पत राय द्वारा भगवान श्रीराम और रामराज्य को लेकर ऐसी टिप्पणी की गई, जिससे हिन्दू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि उक्त बयान भगवान श्रीराम की मर्यादा, आदर्शों और रामराज्य की अवधारणा के विपरीत है।
राजेश सिंह 'मानव' ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े चढ़ावे, भूमि क्रय-विक्रय, विस्थापन और मुआवजे से संबंधित मामलों को लेकर पहले से ही विभिन्न आरोप और विवाद सामने आते रहे हैं, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हैं। उन्होंने संबंधित साक्षात्कार की वीडियो रिकॉर्डिंग, ट्रांसक्रिप्ट एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी शिकायत के साथ संलग्न करने की बात कही है।
शिकायतकर्ता राजेश सिंह मानव ने मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर चम्पत राय, अनिल मिश्र सहित अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस द्वारा प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच और विधिक परीक्षण की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।


Comments
Post a Comment